पाली में संभाग स्तरीय योगा प्रतियोगिता का भव्य आगाज़, 106 प्रतिभागी दिखाएंगे योग का दम

पाली : शिक्षा मंत्रालय (भारत सरकार) एवं नवोदय विद्यालय समिति के तत्वावधान में पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, जोजावर में 21 से 23 अप्रैल तक आयोजित संभाग स्तरीय योगा प्रतियोगिता का शुभारंभ मंगलवार को भव्य समारोह के साथ किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सोजत के सीबीईओ दलपत सिंह सांखला उपस्थित रहे। वहीं केंद्रीय विद्यालय देवगढ़ के प्राचार्य विजयेन्द्र नागदा, डॉ. कुलदीप सिंह देवड़ा (सुमेरपुर), डॉ. विक्रम सिंह (जोजावर), व्याख्याता भीम सिंह फालका (जैतारण) एवं विचित्र सिंह (फार्मा असिस्टेंट, जोजावर) विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। स्वागत गान के बाद विद्यालय के प्राचार्य डी.सी. गुप्ता ने अतिथियों का शिरोपाव एवं पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया और प्रतिभागियों को अनुशासन व खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का संदेश दिया।
प्रतियोगिता में जयपुर, करनाल और उदयपुर क्लस्टर से कुल 106 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं, जो विभिन्न योग मुद्राओं के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान संगीत शिक्षिका विधि शर्मा एवं छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम ने आयोजन को और भी आकर्षक बना दिया। केंद्रीय विद्यालय देवगढ़ के प्राचार्य विजयेन्द्र नागदा ने नवोदय में अपने 15 वर्षों के अनुभव साझा करते हुए प्रतिभागियों को राष्ट्रीय स्तर पर चयन के लिए प्रेरित किया और खेलों को शिक्षा का अभिन्न अंग बताया।

मुख्य अतिथि दलपत सिंह सांखला ने कहा कि खेल और योग नैतिक, सांस्कृतिक एवं मानवीय मूल्यों के विकास का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को योग को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए प्रतियोगिता के विधिवत शुभारंभ की घोषणा की।
इस अवसर पर शारीरिक शिक्षिका इंदु चाहर के निर्देशन में छात्र विनय प्रताप ने सभी प्रतिभागियों को शपथ दिलाई। कार्यक्रम का सफल संचालन शारीरिक शिक्षक मोहनलाल बेड़ा ने किया।
तीन दिवसीय यह प्रतियोगिता विद्यार्थियों को न केवल अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच प्रदान करेगी, बल्कि उन्हें राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का अवसर भी उपलब्ध कराएगी।




