google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

पृथ्वी दिवस पर गजनगढ़ टोल प्लाज़ा पर हरियाली का संदेश, पौधारोपण कर जल संरक्षण का लिया संकल्प

पाली : पृथ्वी दिवस के अवसर पर जोधपुर–पाली राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित गजनगढ़ टोल प्लाज़ा पर वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य का संदेश देते हुए लोगों को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर राजस्थान सरकार से राज्य स्तरीय सम्मान प्राप्त वरिष्ठ सीएसआर प्रबंधक फिरोज़ ख़ान ने कहा कि पृथ्वी दिवस हमें आत्ममंथन का अवसर देता है कि हमने धरती के संरक्षण के लिए क्या योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि प्रकृति ने हमें हमेशा भरपूर संसाधन दिए, लेकिन अंधाधुंध शहरीकरण और विकास के चलते हरियाली लगातार कम होती जा रही है, जिसका असर अब वायु और जल की गुणवत्ता पर भी साफ दिखाई दे रहा है।

उन्होंने सभी से अपील की कि पौधारोपण को केवल औपचारिकता न मानें, बल्कि इसे अपने जीवन का हिस्सा बनाएं। साथ ही जल संरक्षण को भी अनिवार्य जिम्मेदारी के रूप में अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए आज से ही ठोस कदम उठाना आवश्यक है।

कार्यक्रम के दौरान टोल प्लाज़ा से गुजरने वाले राहगीरों को गुलमोहर, खारी बादाम और अंजीर के पौधों का वितरण किया गया। इस पहल के जरिए आमजन को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने का प्रयास किया गया।

इस मौके पर टोल कर्मचारी जोगेंद्र, भगाराम देवासी, अशोक, अर्जुन, शेरू सहित अन्य कार्मिक मौजूद रहे और सभी ने मिलकर पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

यह पहल न केवल पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का माध्यम बनी, बल्कि समाज को प्रकृति के संरक्षण के लिए प्रेरित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी साबित हुई।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button