विश्व पृथ्वी दिवस पर पाली में स्काउट-गाइड का सेवा अभियान, राहगीरों को पिलाया शीतल जल, पक्षियों के लिए बांधे परिंडे

पाली : राजस्थान राज्य भारत स्काउट्स एंड गाइड्स जिला मुख्यालय पाली के तत्वावधान में विश्व पृथ्वी दिवस पर जिलेभर में सेवा और जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए।
सीओ गाइड डिंपल दवे ने बताया कि नए बस स्टैंड पर राहगीरों को शीतल जल पिलाकर जल सेवा अभियान की शुरुआत की गई। वहीं शहर के नयागांव रोड स्थित कात्यायनी उच्च माध्यमिक विद्यालय में स्काउट-गाइड यूनिट ने यूनिट लीडर भागीरथ वैष्णव और संस्थापक भीम सिंह के निर्देशन में जल सेवा का आयोजन किया, जहां राहगीरों को ठंडा पानी पिलाकर राहत दी गई।

इस दौरान स्काउट-गाइड के सदस्यों ने पेड़ों पर परिंडे बांधकर पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था भी की। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य मोहन लाल भाटी, पुरुषोत्तम पुरी गोस्वामी, करमाराम, मोहन सिंह राठौड़, दौलत सिंह, जितेंद्र, काव्या सहित रोवर-रेंजर मौजूद रहे।

सीओ स्काउट गोविंद मीणा ने बताया कि 20 से 25 अप्रैल तक जिले में स्काउट-गाइड ग्रुपों के निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत यूनिट को सक्रिय करना, नए यूनिट का पंजीकरण, कोटामनी संग्रहण तथा स्काउट-गाइड और यूनिट लीडर्स की योग्यता वृद्धि सुनिश्चित करना प्रमुख लक्ष्य है।

पृथ्वी दिवस के अवसर पर जिले के विभिन्न विद्यालयों में स्काउट-गाइड ने मूक पक्षियों के लिए परिंडे बांधकर नियमित पानी उपलब्ध कराने का संकल्प लिया। साथ ही भीषण गर्मी को देखते हुए जल सेवा अभियान के तहत राहगीरों को शीतल जल उपलब्ध कराया गया और पशु-पक्षियों के लिए जलपात्रों में पानी भरकर सेवा कार्य किए गए।
यह पहल पर्यावरण संरक्षण, जल बचत और जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशीलता का संदेश देते हुए समाज में सकारात्मक जागरूकता फैला रही है।




