google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्यशिक्षा

पाली : एसडीएम का औचक निरीक्षण, बच्चों के साथ बैठकर चखा पोषाहार, गुणवत्ता सुधारने के दिए सख्त निर्देश

पाली : पाली जिले में विद्यार्थियों को मिलने वाले पोषाहार की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए उपखंड अधिकारी विमलेन्द्र सिंह राणावत ने गुरुवार को हेमावास पंचायत समिति क्षेत्र के विभिन्न राजकीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने न केवल व्यवस्थाओं का जायजा लिया, बल्कि स्वयं विद्यार्थियों के साथ बैठकर भोजन का स्वाद चखते हुए गुणवत्ता की जांच भी की।

निरीक्षण के तहत राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय एवं राजकीय बालिका उच्च प्राथमिक विद्यालय का दौरा किया गया, जहां एसडीएम राणावत ने पोषाहार योजना और पन्नाधाय बाल गोपाल योजना के क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने विद्यालयों में नामांकन, उपस्थिति, पोषाहार से लाभान्वित विद्यार्थियों की संख्या एवं भोजन वितरण प्रणाली की गहन जांच की।

उपखंड अधिकारी ने रसोईघर की स्वच्छता, गैस कनेक्शन, खाद्यान्न भंडारण व्यवस्था, निर्धारित मेन्यू के अनुसार भोजन वितरण, कुक-कम-हेल्पर के मानदेय भुगतान और लेखा-जोखा का भी निरीक्षण किया। साथ ही पन्नाधाय बाल गोपाल योजना के अंतर्गत दुग्ध वितरण, मिल्क पाउडर की उपलब्धता और स्टॉक की स्थिति का भी आकलन किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिए कि विद्यार्थियों को स्वच्छ, पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन हर हाल में उपलब्ध कराया जाए। इस मौके पर संस्थाप्रधान अश्विनी देपन सहित विद्यालय स्टाफ मौजूद रहा। प्रशासन की इस सख्ती से शिक्षा संस्थानों में व्यवस्थाओं को लेकर जवाबदेही बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button