पाली : रावणा राजपूत समाज का भव्य सम्मान समारोह, नवचयनित आरएएस अधिकारियों का हुआ अभिनंदन

पाली : अखिल रावणा राजपूत सेवा संस्थान पाली की ओर से गुरुवार को सर्वोदय नगर स्थित जिला सभा भवन में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश पदाधिकारियों के साथ नवचयनित राज्य प्रशासनिक सेवा (RAS) अधिकारियों का सम्मान कर समाज में गौरव की भावना को प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं संस्थान के तीसरी बार निर्विरोध निर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष रणजीत सिंह सोडाला ने कहा कि लगातार तीसरी बार निर्विरोध निर्वाचन समाज की एकजुटता और मजबूत संगठन का प्रतीक है। उन्होंने समाज को विकास की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए सामूहिक प्रयासों पर जोर देते हुए युवाओं को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता बताई।
संस्थान के संरक्षक मूल सिंह भाटी एवं जिलाध्यक्ष प्रमेन्द्र सिंह परिहार ने कार्यक्रम की रूपरेखा रखते हुए समाज के उत्थान के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। प्रदेश महामंत्री मूल सिंह गहलोत ने कहा कि संगठन में ही शक्ति निहित है और इसी के बल पर समाज को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।

कार्यक्रम में नवचयनित आरएएस अधिकारी आनंद सिंह पंवार एवं विक्रम सिंह पंवार ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयास से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। असफलता से घबराने के बजाय उससे सीख लेकर आगे बढ़ना ही सफलता की कुंजी है।
इस अवसर पर शहर अध्यक्ष रतन सिंह झाला, लाल सिंह पंवार, महिला जिलाध्यक्ष सिंधु कंवर, केसर सिंह परिहार, रघुनाथ सिंह पंवार, शक्ति सिंह देवली सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन दलपत सिंह भाटी ने किया।
समारोह में बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित रहे, जिन्होंने नवचयनित अधिकारियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।



