पाली : 24 अप्रैल को हवाई हमले से निपटने का मॉक ड्रिल, 10 मिनट का रहेगा ब्लैकआउट

पाली : शहर में नागरिक सुरक्षा विभाग के निर्देशानुसार 24 अप्रैल को हवाई हमले जैसी आपात स्थिति से निपटने के लिए संयुक्त मॉक अभ्यास आयोजित किया जाएगा। इस दौरान शहर में शाम 7:30 बजे से 7:40 बजे तक 10 मिनट का ब्लैकआउट किया जाएगा।
उप नियंत्रक नागरिक सुरक्षा विभाग एवं उपखंड अधिकारी विमलेन्द्र सिंह राणावत ने बताया कि इस मॉक ड्रिल का उद्देश्य आपदा प्रबंधन को मजबूत करना और आपातकालीन परिस्थितियों में आमजन की तैयारियों को परखना है। उन्होंने कहा कि इस तरह के अभ्यास से सुरक्षा एजेंसियों और नागरिकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होता है।
प्रशासन ने शहरवासियों से अपील की है कि निर्धारित समय के दौरान ब्लैकआउट का पूर्ण पालन करें और किसी भी प्रकार की घबराहट न फैलाएं। यह केवल एक अभ्यास है, जिससे आपात स्थिति में प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित की जा सके। इस अभ्यास के माध्यम से प्रशासन शहर की सुरक्षा तैयारियों को और मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ा रहा है।



