पाली : डिजिटल जनगणना की तैयारी तेज, 2027 जनगणना के लिए फील्ड ट्रेनर्स को दिया प्रशिक्षण

पाली : जनगणना 2027 के प्रथम चरण को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित तीन दिवसीय फील्ड ट्रेनर प्रशिक्षण कार्यक्रम के दूसरे चरण में जिला कलक्टर डॉ. रविंद्र गोस्वामी ने जनगणना कार्य को निर्धारित मानकों के अनुरूप और कुशलतापूर्वक पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जनगणना देश की सबसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक प्रक्रिया है, जिसमें सभी की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। यह कार्य 16 मई से 14 जून 2026 तक मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना के रूप में किया जाएगा, जबकि 1 मई से 15 मई तक आमजन के लिए स्व-गणना (Self Enumeration) का विकल्प उपलब्ध रहेगा।

इस बार जनगणना को पूरी तरह डिजिटल और सहभागी बनाने के लिए केंद्र सरकार ने स्व-गणना की सुविधा शुरू की है। इसके तहत नागरिक अपने मोबाइल या कंप्यूटर के माध्यम से स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। हालांकि इसके बाद भी फील्ड स्तर पर प्रगणकों द्वारा सत्यापन अनिवार्य रहेगा।
अतिरिक्त जिला कलक्टर एवं जिला जनगणना अधिकारी डॉ. बजरंग सिंह ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि सही और सटीक जानकारी देना जनगणना की सफलता के लिए अत्यंत आवश्यक है।
प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर्स द्वारा मोबाइल ऐप ‘एचएलओ’ और जनगणना से जुड़े 33 महत्वपूर्ण प्रश्नों की जानकारी दी गई, जिसमें मकान की स्थिति, परिवार की संरचना, सुविधाएं और संसाधनों से संबंधित जानकारी शामिल है।

उपनिदेशक आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग ललिता कुमारी शर्मा ने बताया कि जिले में कुल 54 फील्ड ट्रेनर, 460 सुपरवाइजर और 2731 प्रगणक इस अभियान में भाग लेंगे। पूरा कार्य सीएमएमएस पोर्टल के माध्यम से मॉनिटर किया जाएगा।
जिले को 18 चार्ज एरिया में विभाजित किया गया है, जिनमें 8 ग्रामीण और 10 नगरीय क्षेत्र शामिल हैं। प्रशिक्षित फील्ड ट्रेनर्स द्वारा 30 अप्रैल से 12 मई तक तहसील और नगरपालिका स्तर पर प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। जिला प्रशासन ने जनगणना को सफल बनाने के लिए आमजन से सहयोग की अपील की है।



