google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

बांडी नदी सफाई पर सख्ती, नगर निगम का एक्शन, कचरा फैलाने पर 5000 का जुर्माना

पाली : शहर की जीवनरेखा मानी जाने वाली बांडी नदी को स्वच्छ बनाने के लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। जिला कलेक्टर डॉ. रविंद्र गोस्वामी के निर्देश पर नगर निगम आयुक्त नवीन भारद्वाज के नेतृत्व में शुक्रवार को बांडी नदी और उसके आसपास के क्षेत्रों का व्यापक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने बांडी नदी मुख्य पुलिया (सुमेरपुर रोड), गुरलाई मार्ग रपट, मंडिया बाईपास रोड तथा सीईटीपी नंबर-01 के पीछे के क्षेत्रों का दौरा कर स्वच्छता व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जहां-जहां कचरा मिला, वहां तत्काल सफाई के निर्देश दिए गए।

निर्देशों के बाद निगम की टीम ने जेसीबी और ट्रैक्टर की मदद से सफाई अभियान शुरू किया। नदी क्षेत्र में जमा पॉलिथीन, कपड़े और अन्य अपशिष्ट सामग्री को एकत्रित कर हटाया गया, जिससे क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था में सुधार हुआ।

नगर निगम ने रीको, सब्जी मंडी सहित संबंधित विभागों को भी पत्र लिखकर अपने-अपने क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। वहीं मंडिया रोड स्थित तेरापंथी भवन द्वारा कचरा फैलाने के मामले में निगम ने कार्रवाई करते हुए 5000 रुपए का जुर्माना भी वसूला।

नगर निगम के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आगे भी इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

निगम ने शहरवासियों से अपील की है कि बांडी नदी को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनाए रखने में सहयोग करें। नदी में कचरा डालने, रंगीन कपड़ों की धुलाई करने या प्रदूषित पानी प्रवाहित करने से बचें, अन्यथा जुर्माना और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य अधिकारी कलीम अशरफ, स्वास्थ्य निरीक्षक लोकेश जैन सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button