google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

जोधपुर रेल मंडल में सुरक्षा को हाईटेक बढ़ावा, समपार फाटकों पर लगे इलेक्ट्रिक बैरियर

जोधपुर : उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में रेल सुरक्षा को नई तकनीक के जरिए और मजबूत किया जा रहा है। समपार फाटकों पर दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए अब आधुनिक इलेक्ट्रिक लिफ्टिंग बैरियर लगाए जा रहे हैं। पिछले एक माह में मंडल के 6 इंटरलॉक्ड समपार फाटकों पर यह नई व्यवस्था शुरू की गई है।

मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि वर्ष 2025-26 के दौरान जोधपुर मंडल सहित पूरे जोन में 531 समपार फाटकों को इंटरलॉकिंग प्रणाली से जोड़ा गया है। इसके अलावा 14 फाटकों पर इमरजेंसी स्लाइड बूम और 31 स्थानों पर रिमोट टर्मिनल यूनिट स्थापित की गई हैं, जिससे फाटकों का संचालन अधिक सुरक्षित और नियंत्रित हो गया है।

उन्होंने जानकारी दी कि मार्च 2026 के दौरान तालछापर-पडिहारा सेक्शन, राईका बाग-मंडोर क्षेत्र और बड़ी खाटू जैसे प्रमुख स्थानों पर भी इलेक्ट्रिक बैरियर लगाए गए हैं। रेलवे अब पारंपरिक मैकेनिकल बैरियर को हटाकर इलेक्ट्रिक सिस्टम को प्राथमिकता दे रहा है।

वर्ष 2025-26 में अब तक 58 समपार फाटकों पर इलेक्ट्रिक लिफ्टिंग बैरियर लगाए जा चुके हैं, जिससे पूरे उत्तर पश्चिम रेलवे में कुल 455 फाटक इस आधुनिक तकनीक से लैस हो गए हैं।

डीआरएम ने बताया कि रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता यात्रियों और आमजन की सुरक्षा है। इसी उद्देश्य से तकनीकी सुधारों के साथ-साथ जनजागरूकता अभियान भी चलाए जा रहे हैं, ताकि फाटकों पर होने वाली दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

इलेक्ट्रिक लिफ्टिंग बैरियर एक आधुनिक गेट सिस्टम है, जो बिजली और सिग्नल के माध्यम से स्वतः संचालित होता है। ट्रेन के आने पर यह अपने आप बंद होकर सड़क यातायात रोक देता है और ट्रेन गुजरने के बाद स्वतः खुल जाता है, जिससे पूरी प्रक्रिया सुरक्षित और भरोसेमंद बनती है।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button