google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

पाली में जनगणना-2027 की तैयारियां तेज, 54 फील्ड ट्रेनर्स को मिला डिजिटल प्रशिक्षण

पाली : जनगणना-2027 के प्रथम चरण को सफल बनाने के लिए पाली जिले में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में जिला कलेक्ट्रेट सभागार में 54 फील्ड ट्रेनरों के द्वितीय बैच का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शनिवार को सम्पन्न हुआ।

प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर्स दिनेश रैंगर (जनगणना निदेशालय जयपुर) और तुलसीराम ने जनगणना की प्रक्रिया, कानूनी प्रावधान, अवधारणाएं और महत्वपूर्ण परिभाषाओं पर विस्तार से जानकारी दी। साथ ही सीमांकन और जनगणना से जुड़े 34 सवालों पर भी गहन चर्चा की गई।

फील्ड ट्रेनरों को एचएलओ ऐप के माध्यम से डिजिटल डेटा संग्रहण का प्रायोगिक प्रशिक्षण दिया गया। प्रतिभागियों को 5-5 के समूह में विभाजित कर फील्ड विजिट करवाई गई, जहां उन्होंने 5 परिवारों का सर्वे कर ऐप पर डेटा एंट्री का अभ्यास किया। इससे उन्हें प्रगणक और पर्यवेक्षक की भूमिका का व्यावहारिक अनुभव मिला।

समापन सत्र में जिला कलक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी डॉ. रविंद्र गोस्वामी ने डेटा की शुद्धता और विश्वसनीयता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि जनगणना की सफलता सटीक जानकारी पर निर्भर करती है। उन्होंने बताया कि आमजन हेल्पलाइन नंबर 1855 पर भी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

अतिरिक्त जिला कलक्टर एवं जिला जनगणना अधिकारी डॉ. बजरंग सिंह ने प्रशिक्षण की गुणवत्ता को लेकर प्रतिभागियों से फीडबैक लिया। उपनिदेशक (आर्थिक एवं सांख्यिकी) ललिता कुमारी शर्मा ने बताया कि जनगणना का पहला चरण 16 मई से 14 जून 2026 तक चलेगा, जबकि 1 मई से 15 मई तक स्व-गणना की सुविधा ऑनलाइन उपलब्ध रहेगी।

इस बार पूरी जनगणना प्रक्रिया को डिजिटल बनाया गया है, जिससे आमजन खुद भी स्मार्टफोन या कंप्यूटर के जरिए अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। उप जिला जनगणना अधिकारी राजेन्द्र कुमार टांक ने बताया कि प्रशिक्षित फील्ड ट्रेनर्स 30 अप्रैल से 12 मई तक 3004 प्रगणकों और 507 सुपरवाइजर्स को प्रशिक्षण देंगे। प्रशिक्षण कार्यक्रम में सहायक सांख्यिकी अधिकारी प्रकाश डाबी सहित जनगणना सेल के सभी कार्मिक उपस्थित रहे।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button