पाली : नवोदय विद्यालय में नवप्रवेशी छात्रों का भव्य स्वागत, 61 विद्यार्थियों ने की रिपोर्टिंग

पाली : पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, जोजावर में शनिवार को कक्षा 6 के नवप्रवेशी विद्यार्थियों के स्वागत हेतु भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कुल 61 विद्यार्थियों ने विद्यालय में रिपोर्टिंग की और उनका पारंपरिक तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सीबीईओ पाली दिलीप कुमार रामचंदानी रहे। समारोह की शुरुआत मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुई। विद्यालय के उप प्राचार्य राजपाल सिंह ने अतिथि का शिरोपाव पहनाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया।
प्राचार्य डी.सी. गुप्ता ने अपने संबोधन में विद्यालय की उपलब्धियों और शैक्षणिक गुणवत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नवोदय विद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उप प्राचार्य राजपाल सिंह ने नवप्रवेशी छात्रों और अभिभावकों का स्वागत करते हुए विद्यालय की व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी और विद्यार्थियों को प्रेरित किया कि वे इस अवसर का भरपूर लाभ उठाएं।

मुख्य अतिथि रामचंदानी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा जीवन की सबसे मजबूत नींव है। नवोदय विद्यालय उत्कृष्ट परिणामों और अनुशासित वातावरण के लिए जाना जाता है, जहां से निकलने वाले छात्र राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षक शैलेष पंड्या ने विद्यार्थियों और अभिभावकों के साथ संवाद स्थापित करते हुए उनसे शिक्षा, लक्ष्य और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में आरपी पाली प्रभु सिंह भी उपस्थित रहे।
समारोह के अंत में अतिथियों ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही विश्व पीफा संगठन द्वारा उपलब्ध कराए गए फुटबॉल भी ब्लॉक के विद्यालयों में वितरण हेतु सीबीईओ को सौंपे गए। कार्यक्रम में विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।



