पाली में छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाने की पहल, भंसाली कॉलेज में ब्यूटीशियन स्किल कोर्स शुरू
एक माह के प्रशिक्षण में सीखेंगी आधुनिक ब्यूटी तकनीकें, स्वरोजगार की दिशा में बड़ा कदम

पाली : शहर के भंसाली राजकीय कन्या महाविद्यालय में छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक सराहनीय पहल की गई है। महाविद्यालय में ब्यूटीशियन स्किल कोर्स शिविर का शुभारंभ किया गया, जिसमें छात्राओं को स्वरोजगार के लिए तैयार किया जाएगा।
यह प्रशिक्षण शिविर भारत विकास परिषद, राजस्थान पश्चिमी शाखा पाली, नूतन पहल महिला समिति एवं कौशल विकास समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम का शुभारंभ समिति की अध्यक्ष नूतन बाला कपिला एवं महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. विनीता कोका द्वारा किया गया। इस अवसर पर परिषद की सचिव पुष्पा परिहार भी मौजूद रहीं।

शिविर के दौरान ट्रेनर आस्था जी ने छात्राओं को सौंदर्य प्रसाधन, त्वचा की देखभाल, हेयर स्टाइलिंग सहित ब्यूटी से जुड़े विभिन्न व्यावहारिक कौशलों का प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण के माध्यम से छात्राओं को आधुनिक तकनीकों की जानकारी भी दी जा रही है।
कोर्स प्रभारी प्रोफेसर राजकिरण ने बताया कि इस एक माह के प्रशिक्षण का उद्देश्य छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि यह कोर्स छात्राओं के लिए भविष्य में स्वरोजगार की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।
इस पहल से महाविद्यालय की छात्राओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। छात्राओं ने इसे अपने करियर के लिए एक उपयोगी अवसर बताते हुए बढ़-चढ़कर भागीदारी की।




