पाली : किशोर व शिशु गृह का औचक निरीक्षण, सीजेएम ऋचा चौधरी ने परखी व्यवस्थाएं, दिए सुधार के निर्देश
बालकों से संवाद कर जानी सुविधाओं की हकीकत, स्वच्छता और मैत्रीपूर्ण माहौल बनाए रखने पर जोर

पाली : राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ऋचा चौधरी ने पाली स्थित राजकीय सम्प्रेषण एवं किशोर गृह तथा राजकीय शिशु गृह का आकस्मिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान सीजेएम ने दोनों गृहों में साफ-सफाई, बच्चों के लिए स्वच्छ कपड़े, बिस्तर, भोजन, चिकित्सा सुविधाएं, पालनागृह एवं भवन की भौतिक स्थिति की विस्तार से जांच की। उन्होंने वहां रह रहे बालकों से सीधे संवाद कर उन्हें मिलने वाली सुविधाओं, पढ़ाई-लिखाई और दैनिक व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।

सम्प्रेषण गृह में विधि से संघर्षरत बालकों से उनके परिवारजनों से मुलाकात, न्यायमित्र द्वारा प्रकरण की जानकारी दिए जाने जैसी व्यवस्थाओं पर भी चर्चा की गई। बच्चों ने बताया कि उन्हें पर्याप्त पोषित आहार, नियमित नाश्ता, चाय और दूध उपलब्ध कराया जा रहा है।
मनोरंजन के लिए बच्चों को इंडोर गेम्स जैसे कैरम, सांप-सीढ़ी और लूडो की सुविधा भी उपलब्ध है। निरीक्षण के दौरान सीजेएम ने निर्देश दिए कि बालकों के लिए मैत्रीपूर्ण वातावरण सुनिश्चित किया जाए और भवन सहित पालनागृह में स्वच्छता व्यवस्था नियमित रूप से बनाए रखी जाए।
इस दौरान न्यायमित्र खुमाराम परिहार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। यह निरीक्षण बाल संरक्षण संस्थानों में बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



