पाली : नेत्रदान से दो दृष्टिहीनों को मिलेगी नई रोशनी

पाली : शहर के 30 सेठों का बास क्षेत्र में मानवता और सेवा की मिसाल पेश करते हुए एक परिवार ने अपने दिवंगत सदस्य की आंखें दान कर दो दृष्टिहीन व्यक्तियों के जीवन में उजाला लाने का सराहनीय कार्य किया है।
दिवंगत हुक्मीचंद तलेसरा के निधन के बाद उनके परिजनों ने नेत्रदान का निर्णय लेकर समाज को प्रेरणादायक संदेश दिया। निधन की सूचना मिलते ही आई बैंक सोसायटी ऑफ राजस्थान, पाली चैप्टर के अध्यक्ष केवलचंद कावड़ ने परिजनों से संपर्क किया। परिवार की सहमति मिलने के बाद तत्परता से नेत्रदान की प्रक्रिया पूरी की गई।
इस सेवा कार्य में संस्था के सचिव भंवरलाल सेमलानी, हेमंत चोपड़ा, पारसमल कावड़, संजय कावड़, सुमित कावड़, विकास बुबकिया, विशाल कोठारी, डॉ. आर.के. गर्ग एवं आई टेक्नीशियन रईस खान का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
दान में प्राप्त नेत्रों को राजस्थान रोडवेज के सहयोग से जयपुर भेजा गया, जहां दो नेत्रहीन व्यक्तियों को कॉर्निया प्रत्यारोपण के माध्यम से नई दृष्टि प्रदान की जाएगी। यह प्रेरणादायक पहल न केवल मानवता की सेवा का उदाहरण है, बल्कि समाज में नेत्रदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने का भी संदेश देती है।



