पाली में मुफ्त स्वास्थ्य शिविर, 82 मरीजों की जांच, दवाइयों के साथ टीबी व मौसमी बीमारियों पर जागरूकता

पाली : शहर में राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन के तहत आमजन को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बुधवार को आखरिया चौक में निःशुल्क आउटरीच स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नाड़ी मोहल्ला की ओर से आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
शिविर में कुल 82 मरीजों की जांच कर उन्हें निःशुल्क चिकित्सकीय परामर्श और दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रभा चारण ने मरीजों की जांच कर आवश्यक सलाह दी, वहीं डेंटल हाइजिनिस्ट गुलशन कुमार ने दांतों से संबंधित समस्याओं की जांच की।

स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं की टीम ने भी सक्रिय भूमिका निभाई। महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता रेखा रानी, हंसा मीणा, माया चौहान और दीपिका ने मरीजों की एनसीडी स्क्रीनिंग और टीकाकरण किया। फार्मासिस्ट गणेश कुमार ने मरीजों को मुफ्त दवाइयां वितरित कीं, जबकि लैब टेक्नीशियन यशपाल राठौड़ ने आवश्यक जांचें की।

इस दौरान ब्लॉक हेल्थ सुपरवाइजर जितेंद्र जोशी ने लोगों को एचपीवी वैक्सीन, टीबी मुक्त भारत अभियान और मौसमी बीमारियों से बचाव के बारे में जागरूक किया। उन्होंने कहा कि समय पर जांच और उपचार से गंभीर बीमारियों से बचा जा सकता है। यह शिविर न केवल उपचार का माध्यम बना, बल्कि लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।



