पाली की जवाली PHC ने रचा इतिहास, राष्ट्रीय गुणवत्ता प्रमाणन में 83.93% अंक के साथ देशभर में बनाई पहचान

पाली : जिले की स्वास्थ्य सेवाओं ने एक बार फिर प्रदेश ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर अपनी उत्कृष्टता साबित की है। गुणवत्ता आश्वासन कार्यक्रम (NQAS) के तहत जिले की जवाली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए राष्ट्रीय क्वालिटी एश्योरेंस सर्टिफिकेट के लिए चयनित किया गया है।
सीएमएचओ डॉ. विकास मारवाल ने बताया कि फरवरी माह में राष्ट्रीय स्तर की एसेसमेंट टीम ने पाली जिले का दौरा कर विभिन्न चिकित्सा संस्थानों का गहन निरीक्षण किया था। इस दौरान जवाली PHC की सेवाओं, व्यवस्थाओं और मरीजों को दी जा रही सुविधाओं का विस्तृत मूल्यांकन किया गया।
मूल्यांकन में जवाली PHC ने गुणवत्ता के सभी 6 मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 83.93 प्रतिशत अंक हासिल किए, जो इसे राष्ट्रीय स्तर पर चयनित होने वाली अग्रणी स्वास्थ्य संस्थाओं में शामिल करता है।

उन्होंने बताया कि इस उपलब्धि के पीछे रानी BCMO डॉ. ओजस रावल, ब्लॉक टीम और जिला स्तरीय चिकित्सा टीम का विशेष योगदान रहा है। टीमवर्क, समर्पण और बेहतर प्रबंधन के चलते यह सफलता संभव हो सकी।
गौरतलब है कि इस बार पूरे राज्य से केवल दो PHC को इस प्रतिष्ठित प्रमाणन के लिए चुना गया है—एक नागौर जिले से और दूसरा पाली जिले का जवाली PHC।
सीएमएचओ डॉ. मारवाल ने इस उपलब्धि पर पूरी चिकित्सा टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के लगातार सुधार और गुणवत्ता के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी जिले के अन्य चिकित्सा संस्थान इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।



