पाली : HPV टीकाकरण महाअभियान की जोरदार शुरुआत, पहले दिन 500+ बालिकाओं को लगा टीका
सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए जिला प्रशासन का बड़ा कदम, 30 अप्रैल और 1 मई को भी जारी रहेगा अभियान

पाली : जिले में बालिकाओं और महिलाओं को गंभीर बीमारी सर्वाइकल कैंसर से बचाने के उद्देश्य से तीन दिवसीय HPV (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण महाअभियान की बुधवार को उत्साहपूर्ण शुरुआत हुई। अभियान के पहले ही दिन बड़ी संख्या में बालिकाओं की भागीदारी देखने को मिली और 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की 500 से अधिक बालिकाओं को टीका लगाया गया।
सीएमएचओ डॉ. विकास मारवाल ने बताया कि जिला कलेक्टर के निर्देश पर चलाया जा रहा यह महाअभियान बालिकाओं को जागरूक करने और अधिक से अधिक लाभार्थियों को टीकाकरण से जोड़ने के उद्देश्य से शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि HPV वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित और प्रभावी है, जो भविष्य में सर्वाइकल कैंसर के खतरे को काफी हद तक कम करता है।
जिला प्रशासन और चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त प्रयासों से यह अभियान जनआंदोलन का रूप लेता नजर आया। टीकाकरण सत्रों पर बालिकाओं ने उत्साह के साथ पहुंचकर टीका लगवाया।
आरसीएचओ डॉ. विजेंद्रपाल सिंह चुंडावत ने बताया कि अभियान की सफलता के लिए पूर्व में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। स्वास्थ्य टीमों ने घर-घर संपर्क कर लोगों को जागरूक किया, वहीं सोशल मीडिया के माध्यम से भी संदेश प्रसारित किए गए, जिसका सकारात्मक असर देखने को मिला।
उन्होंने बताया कि यह महाअभियान 30 अप्रैल और 1 मई को भी जारी रहेगा। स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी बेटियों को समय पर टीकाकरण अवश्य करवाएं, ताकि उन्हें इस गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखा जा सके।



