पाली के केन्द्रीय विद्यालय में ‘विद्या प्रवेशोत्सव’ की धूम, नन्हें विद्यार्थियों का तिलक-स्वागत, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजा समारोह

पाली : पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय पाली में अकादमिक सत्र 2026-27 के नव प्रवेशित विद्यार्थियों के लिए गुरुवार को ‘विद्या प्रवेशोत्सव’ कार्यक्रम हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कक्षा 1 में प्रवेश लेने वाले नन्हें बच्चों का विद्यालय परिवार ने तिलक लगाकर और आकर्षक बैच पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। प्राथमिक विभाग के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समारोह में चार चांद लगा दिए। बच्चों के नृत्य, गीत और कविता पाठ ने अभिभावकों का मन मोह लिया।

विद्यालय के प्राचार्य एच.एल. मीणा ने नव प्रवेशित बच्चों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्रीय विद्यालय संगठन लंबे समय से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर रहा है और बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
इस दौरान अभिभावकों को शिक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण दिशानिर्देश भी दिए गए और उनके सवालों का समाधान किया गया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक राहुल कुमार ने किया।
कार्यक्रम में प्राथमिक विभाग की शिक्षिकाएं यास्मीन शाह, जगदीश प्रसाद मीणा, कोमल, जेठाराम और सुरेन्द्र सिंह सहित अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। अंत में बच्चों को उपहार वितरित किए गए, जिससे उनके चेहरे खुशी से खिल उठे। ‘विद्या प्रवेशोत्सव’ के माध्यम से विद्यालय ने नन्हें विद्यार्थियों के लिए शिक्षा के पहले दिन को यादगार बना दिया।



