google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

मां ने खुद लगाई बेटी को HPV वैक्सीन, पाली में टीकाकरण बना जनआंदोलन का प्रतीक

पाली : जिले में चल रहा एचपीवी टीकाकरण अभियान अब सिर्फ एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि भावनाओं और जागरूकता से जुड़ा जनआंदोलन बनता जा रहा है। सोजत ब्लॉक के चंडावल स्थित राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक प्रेरणादायक उदाहरण सामने आया, जिसने समाज को नई दिशा देने का काम किया।

यहां कार्यरत एलएचवी सुनीलता परिहार ने अपनी 14 वर्षीय बेटी भूमिका परिहार को स्वयं एचपीवी वैक्सीन लगाकर न केवल एक जिम्मेदार मां का फर्ज निभाया, बल्कि समाज के सामने विश्वास और जागरूकता का मजबूत संदेश भी रखा। बेटी के जन्मदिन के कुछ दिनों बाद दिया गया यह “सुरक्षा का उपहार” अब क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है।

टीकाकरण के बाद भूमिका पूरी तरह स्वस्थ है और अब वह स्वयं भी अन्य बालिकाओं को इस वैक्सीन के प्रति जागरूक करने में सक्रिय भूमिका निभा रही है। उसकी आत्मविश्वास भरी मुस्कान इस बात का प्रमाण है कि सही समय पर लिया गया निर्णय भविष्य को सुरक्षित बना सकता है।

चंडावल सीएचसी प्रभारी डॉ. महावीर सिंह भदावत ने कहा कि जब स्वास्थ्यकर्मी अपने ही परिवार से इस पहल की शुरुआत करते हैं, तो आमजन में विश्वास स्वतः बढ़ता है और झिझक खत्म होती है।

सीएमएचओ डॉ. विकास मारवाल ने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि 14 से 15 वर्ष की सभी बालिकाओं को समय पर एचपीवी वैक्सीन अवश्य लगवाएं, क्योंकि यह सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव का प्रभावी माध्यम है।

आरसीएचओ डॉ. विजेंद्रपाल सिंह चुंडावत ने बताया कि यह उदाहरण बदलते समाज की तस्वीर पेश करता है, जहां जागरूकता, विश्वास और जिम्मेदारी मिलकर सुरक्षित भविष्य की नींव रख रहे हैं।

प्रेरणा बन रही एक मां की पहल
सुनीलता परिहार के इस कदम से प्रेरित होकर क्षेत्र की कई महिलाओं ने अपनी बेटियों का टीकाकरण करवाने का संकल्प लिया है। यह घटना दर्शाती है कि एक छोटी पहल भी बड़े बदलाव की शुरुआत बन सकती है।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button