स्वच्छता, हीट वेव और विकास योजनाओं पर कलेक्टर सख्त, पाली में शहरी निकायों की समीक्षा, दिए कड़े निर्देश

पाली : जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में शुक्रवार शाम कलेक्ट्रेट सभागार में स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) को लेकर महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की नगरपालिकाओं और नगर निगम के कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने साफ-सफाई, कचरा प्रबंधन और विकास योजनाओं को लेकर सख्त निर्देश दिए।
कलेक्टर ने स्वच्छ भारत मिशन के तहत बीट सिस्टम लागू कर कचरा प्रबंधन को और प्रभावी बनाने, “प्रगतिशील पाली” अभियान को गति देने तथा नगर निकायों की वित्तीय स्थिति सुधारने पर जोर दिया। इसके साथ ही नई आवासीय एवं व्यावसायिक योजनाओं, ऑडिट आपत्तियों, लंबित निविदाओं और राजस्थान संपर्क पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।

बैठक में गर्मी के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए हीट वेव से निपटने की तैयारियों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी निकायों को पेयजल, छाया और राहत व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही बरसात से पहले नालों और नालियों की सफाई, रोड रिपेयर और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था दुरुस्त करने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में “हरियालो राजस्थान” अभियान की तैयारियों, बजट घोषणा 2025-26 की प्रगति तथा प्रधानमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री आवास योजना के कार्यों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने इन योजनाओं में तेजी लाने और अधिक से अधिक पात्र लोगों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए।

बाली, सोजत, सोजत रोड, सुमेरपुर और तख्तगढ़ सहित विभिन्न नगरपालिकाओं के कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। साथ ही मिशन स्वरोजगार के तहत अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने पर भी चर्चा हुई। बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर ओम प्रभा, जिला परिषद के सीईओ मुकेश चौधरी, नगर निगम आयुक्त नवीन भारद्वाज सहित सभी संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।



