पाली : ‘ग्राम रथ अभियान’ की रफ्तार तेज, गांव-गांव पहुंच रही सरकारी योजनाओं की जानकारी
एलईडी वैन और लोक कलाकारों के जरिए जन-जागरूकता, तीन दिनों में दर्जनों गांवों को कवर करेगा अभियान

पाली : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के विजन के अनुरूप जिले में ‘ग्राम रथ अभियान’ तेजी से आगे बढ़ रहा है। इस अभियान के तहत एलईडी मोबाइल वैन और कला जत्था कलाकारों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।
शुक्रवार को पाली, सुमेरपुर, बाली, मारवाड़ जंक्शन और सोजत विधानसभा क्षेत्रों के विभिन्न गांवों में रथों ने पहुंचकर आमजन को योजनाओं की जानकारी दी। एलईडी स्क्रीन के जरिए ऑडियो-वीडियो प्रस्तुति दिखाकर लोगों को योजनाओं के लाभ समझाए गए, वहीं लोक कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से जागरूकता का संदेश दिया।
अभियान के तहत शनिवार और रविवार को भी कई गांवों में रथ पहुंचेंगे। शनिवार को पाली विधानसभा के खांडी, डूगरपुर, सोनाईलाखा, बिठू सहित अन्य गांवों में प्रचार किया जाएगा, जबकि सुमेरपुर, बाली, मारवाड़ जंक्शन और सोजत क्षेत्रों के कई गांव भी कवर किए जाएंगे।
इसी तरह रविवार को भी विभिन्न पंचायतों में रथ पहुंचकर योजनाओं की जानकारी देंगे। प्रशासन का उद्देश्य है कि अधिक से अधिक ग्रामीणों तक सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचे और वे इनका लाभ उठा सकें।
अभियान के चलते ग्रामीणों में उत्साह देखा जा रहा है और बड़ी संख्या में लोग रथों के माध्यम से योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर रहे हैं।



