जनगणना 2027, पाली में स्व-गणना के लिए जागरूकता अभियान तेज, टैक्सी-ऑटो को हरी झंडी
नगर निगम ने शुरू किया प्रचार अभियान, सुपरवाइजर और गणनाकारों का प्रशिक्षण भी शुरू

पाली : जनगणना 2027 के तहत स्व-गणना (Self Enumeration) कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पाली नगर निगम ने व्यापक जागरूकता अभियान शुरू कर दिया है। शुक्रवार को नगर निगम द्वारा टैक्सियों और ऑटो टिप्परों को हरी झंडी दिखाकर शहरभर में प्रचार-प्रसार के लिए रवाना किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ नगर निगम आयुक्त नवीन भारद्वाज ने किया। इस दौरान चार्ज अधिकारी जितेंद्र सोनी, सांख्यिकी अधिकारी प्रवीण सिंह, एटीपी इंद्रजीत और जेईएन योगेश प्रजापत सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने बताया कि स्व-गणना एक आसान और सुविधाजनक प्रक्रिया है, जिसके माध्यम से नागरिक स्वयं अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। इस पहल का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को इस डिजिटल प्रक्रिया से जोड़ना और जनगणना को सटीक व पारदर्शी बनाना है।

जनगणना की तैयारियों के तहत वंदे मातरम् सीनियर सेकेंडरी स्कूल में सुपरवाइजर और गणनाकारों का प्रशिक्षण भी शुरू कर दिया गया है। पहले दिन तीन बैचों में आयोजित प्रशिक्षण में फील्ड ट्रेनर्स ने स्व-गणना पोर्टल के उपयोग, डेटा संग्रहण प्रक्रिया और नागरिकों से संवाद के तरीकों की जानकारी दी।
अधिकारियों ने सभी कार्मिकों से जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने का आह्वान करते हुए आमजन से अपील की है कि वे स्व-गणना अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और इस राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाएं।



