पाली : गैस सिलेंडर की ‘शवयात्रा’, बढ़ती कीमतों के खिलाफ फूटा गुस्सा, ठेला संचालकों का अनोखा विरोध
कमर्शियल सिलेंडर 3100 पार, शादियों के सीजन में बढ़ी मुश्किलें, सरकार ने अंतरराष्ट्रीय हालात को बताया वजह

पाली : शहर में कमर्शियल गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों के खिलाफ लोगों का गुस्सा सड़क पर नजर आया। शुक्रवार को लेबर कॉलोनी क्षेत्र में सिलेंडर की प्रतीकात्मक शवयात्रा निकालकर सरकार के फैसले का विरोध किया गया। इस अनोखे प्रदर्शन में फास्ट फूड ठेला संचालक और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए।
विरोध प्रदर्शन में चाय, मोमो, पानी-पूरी, चाऊमीन, इडली, रवा डोसा, मिठाई-नमकीन जैसे छोटे व्यवसाय चलाने वाले लोगों ने बढ़ती लागत पर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि गैस सिलेंडर के दाम बढ़ने से रोजमर्रा के कारोबार पर सीधा असर पड़ रहा है।
कांग्रेस नेता भंवर राव ने कहा कि शादी-विवाह के सीजन में कमर्शियल सिलेंडर के दाम बढ़ाना आमजन और कारोबारियों के लिए भारी पड़ रहा है। कई आयोजनों में खर्च बढ़ने के कारण मेन्यू तक बदलने की नौबत आ रही है।

वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील भंडारी ने इस पर सफाई देते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच तनाव जैसे हालात के चलते गैस आपूर्ति प्रभावित हुई है, जिसका असर कीमतों पर पड़ा है। उन्होंने कहा कि यह स्थिति अस्थायी है और सरकार ने जानबूझकर दाम नहीं बढ़ाए हैं।
जानिए ताजा गैस सिलेंडर रेट:
19 किलो कमर्शियल गैस सिलेंडर: ₹3139
5 किलो कमर्शियल गैस सिलेंडर: ₹838
फरवरी में 19 किलो सिलेंडर: ₹2042
घरेलू गैस सिलेंडर: ₹923
प्रदर्शनकारियों ने सरकार से जल्द कीमतों में राहत देने की मांग की है, ताकि छोटे कारोबारियों और आम जनता को राहत मिल सके।



