google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

गिरादड़ा में हादसों से तंग ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, हाईवे पर धरना, प्रशासन ने 2 दिन में स्पीड ब्रेकर का दिया आश्वासन

खतरनाक मोड़ और स्कूल के पास बढ़ रहा जोखिम, पीडब्ल्यूडी की लापरवाही पर उठे सवाल

सुमेरपुर : स्टेट हाईवे 64ए पर लगातार हो रहे हादसों से परेशान गिरादड़ा गांव और आसपास के ग्रामीणों का गुस्सा शनिवार को सड़क पर नजर आया। ग्रामीणों ने सुबह करीब 10 बजे हाईवे किनारे एकत्रित होकर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया और प्रशासन व पीडब्ल्यूडी विभाग के खिलाफ जमकर विरोध जताया।

ग्राम प्रशासक मंगलाराम मीणा और रणजीत सिंह राजपुरोहित के नेतृत्व में हुए इस विरोध में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। सूचना मिलते ही सुमेरपुर विधानसभा के कांग्रेस प्रत्याशी हरिशंकर मेवाड़ा मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने तुरंत प्रशासनिक अधिकारियों को मौके पर बुलाया।

कुछ ही देर में एसडीएम विमलेंद्र सिंह राणावत सहित पीडब्ल्यूडी और पुलिस प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने बताया कि हाईवे पर खतरनाक मोड़ होने के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। वहीं पास में स्कूल होने से बच्चों और राहगीरों के लिए खतरा और बढ़ गया है, लेकिन इसके बावजूद यहां स्पीड ब्रेकर तक नहीं लगाए गए हैं।

हरिशंकर मेवाड़ा ने अधिकारियों के सामने मुद्दा उठाते हुए कहा कि यह मामला सीधे जनसुरक्षा से जुड़ा है और लगातार हो रहे हादसे विभागीय लापरवाही का परिणाम हैं। उन्होंने जल्द से जल्द सुधार कार्य कराने की मांग की।

इस पर प्रशासन ने सकारात्मक रुख दिखाते हुए दो दिन के भीतर स्पीड ब्रेकर लगाने और सड़क की खामियों को दूर करने का आश्वासन दिया। आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीणों ने धरना समाप्त कर दिया।

ग्रामीणों ने मौके पर त्वरित कार्रवाई के लिए प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का आभार जताया। इस दौरान मुकेश बारोलिया, हरिप्रसाद मीणा सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button