पाली में ‘ग्राम रथ अभियान’ से गांव-गांव तक पहुंच रही योजनाएं, एलईडी वैन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से बढ़ी जागरूकता
रविवार को कई गांवों में हुआ प्रचार-प्रसार, सोमवार को भी अभियान रहेगा जारी

पाली : राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाने के उद्देश्य से ग्राम रथ अभियान जिले में प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के तहत कृषकों, पशुपालकों और ग्रामीण आमजन को विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी जा रही है।
शनिवार को जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के चयनित गांवों में ग्राम रथों के माध्यम से योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया। वहीं रविवार को पाली, सुमेरपुर, बाली, मारवाड़ जंक्शन और सोजत विधानसभा क्षेत्रों के बिठू, चाटेलाव, गढ़वाड़ा, माण्डावास, दुजाना, सिन्दरू, साण्डेराव, देवतरा, कुरण, कोयलवाव, नाडिया, भीमाणा, जोजावर, बासनी, धनला, बिलावास और रेपडावास सहित कई गांवों में एलईडी वैन के जरिए योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई गई।

अभियान के दौरान एलईडी वैन पर ऑडियो-वीडियो प्रस्तुति के साथ स्थानीय कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर ग्रामीणों को योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया गया, जिससे लोगों में खासा उत्साह देखा गया।
प्रशासन के अनुसार सोमवार को भी अभियान जारी रहेगा। इसके तहत रोहट, सुमेरपुर, बाली, मारवाड़ जंक्शन और सोजत क्षेत्रों के विभिन्न गांवों में मोबाइल वैन के माध्यम से योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। जिला प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे इस अभियान के जरिए योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर अधिक से अधिक लाभ उठाएं।



