पाली के शिक्षकों का प्रदेश में दबदबा, शिक्षक संघ चुनाव में तीन पदों पर निर्विरोध जीत
43वें महासमिति अधिवेशन में पाली को मिला मजबूत प्रतिनिधित्व, शिक्षकों में खुशी की लहर

पाली : राजस्थान प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षक संघ के 43वें महासमिति अधिवेशन में हुए चुनाव में पाली जिले के शिक्षकों ने प्रदेश स्तर पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। चुनाव में जिले से तीन शिक्षकों का महत्वपूर्ण पदों पर निर्विरोध चयन हुआ है।
जिलाध्यक्ष संजीव शर्मा और जिला मंत्री रतन बारूपाल ने बताया कि सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य राधेश्याम सोनी को दोबारा प्रदेश उपाध्यक्ष चुना गया है। वहीं, रा.उ.प्रा.वि. केरला के प्रधानाध्यापक जबरसिंह राठौड़ प्रदेश संयुक्त मंत्री और राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय पैकेज कॉलोनी पाली की शारीरिक शिक्षिका कृष्णा शर्मा को प्रदेश संयुक्त महिला मंत्री पद पर निर्विरोध चुना गया।

नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने कहा कि वे शिक्षकों और विद्यार्थियों की समस्याओं को प्राथमिकता से सरकार के समक्ष उठाएंगे और समाधान के लिए प्रयास करेंगे।
इन नियुक्तियों पर शिक्षक संघ की पाली जिला कार्यकारिणी सहित सैकड़ों शिक्षकों ने खुशी जताई और सभी नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों का बहुमान कर शुभकामनाएं दीं।


