पाली : स्वास्थ्य विभाग का अलर्ट, अग्नि सुरक्षा को लेकर दिलाई शपथ, हर हाल में तैयार रहने के निर्देश
सीएमएचओ कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम, अस्पतालों में सुरक्षा मानकों के सख्त पालन पर जोर

पाली : जिले में अग्नि सुरक्षा को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। सोमवार को पाली जिला मुख्यालय स्थित सीएमएचओ कार्यालय में अग्नि सुरक्षा जागरूकता शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें अधिकारियों और कर्मचारियों ने सुरक्षा के प्रति संकल्प लिया।
कार्यक्रम में सीएमएचओ डॉ. विकास मारवाल ने सभी उपस्थित कार्मिकों को अग्नि सुरक्षा की शपथ दिलाते हुए कहा कि अस्पतालों और स्वास्थ्य संस्थानों में सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
एडिशनल सीएमएचओ डॉ. जीत कुमार गुर्जर ने बताया कि अस्पतालों, क्लीनिकों और अन्य चिकित्सा संस्थानों में अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए हमेशा तैयार रहें और सुरक्षा उपकरणों की जानकारी रखें।
शपथ के दौरान कर्मचारियों ने संकल्प लिया कि वे अपने संस्थानों में अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाएंगे, आग लगने की स्थिति में त्वरित कार्रवाई करेंगे और मरीजों व स्टाफ की सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे।
इस अवसर पर डिप्टी सीएमएचओ डॉ. वेदांत गर्ग और आरसीएचओ डॉ. विजेंद्र पाल सिंह चुंडावत सहित अन्य अधिकारियों ने भी अग्नि दुर्घटनाओं से बचाव के लिए सतर्कता और तैयारी को जरूरी बताया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे और सुरक्षित कार्य वातावरण बनाए रखने का संकल्प दोहराया।


