पाली : ‘ग्राम रथ अभियान’ से बढ़ी जागरूकता, गांव-गांव पहुंच रही सरकारी योजनाएं
एलईडी वैन और लोक कलाकारों के जरिए प्रचार, ग्रामीणों में दिखा उत्साह

पाली, 4 मई 2026 : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मंशानुसार जिले में संचालित ग्राम रथ अभियान के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। इस अभियान से ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता बढ़ी है और आमजन योजनाओं का लाभ उठाने के लिए आगे आ रहे हैं।
सोमवार को जिले की पांचों विधानसभा क्षेत्रों के चयनित गांवों में ग्राम रथ मोबाइल वैन पहुंची, जहां एलईडी स्क्रीन पर योजनाओं की जानकारी, फिल्म प्रसारण और प्रचार सामग्री के माध्यम से ग्रामीणों को जागरूक किया गया। रोहट, सुमेरपुर, बाली, मारवाड़ जंक्शन और सोजत क्षेत्रों के विभिन्न गांवों में लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।

अभियान के दौरान राज्य सरकार की प्रमुख योजनाओं, उपलब्धियों और उनसे मिलने वाले लाभों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही कला जत्था और लोक कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए योजनाओं को रोचक तरीके से प्रस्तुत कर ग्रामीणों को जोड़ने का प्रयास किया।
प्रशासन के अनुसार मंगलवार को भी अभियान जारी रहेगा। इसके तहत रोहट, सुमेरपुर, बाली, मारवाड़ जंक्शन और सोजत विधानसभा क्षेत्रों के कई गांवों में मोबाइल वैन के माध्यम से योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी। जिला प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे इस अभियान के माध्यम से योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर अधिक से अधिक लाभ उठाएं।



