google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

शहरी सेवा शिविर बना आमजन के लिए राहत का केंद्र, सादड़ी में कुछ ही देर में जारी हुआ विवाह प्रमाण पत्र

पाली : राजस्थान सरकार की सुशासन की पहल के तहत आयोजित शहरी सेवा शिविर-2026 आमजन के लिए त्वरित समाधान का प्रभावी मंच बनते जा रहे हैं। मंगलवार को नगर पालिका सादड़ी में आयोजित फॉलोअप शिविर में एक बार फिर समयबद्ध और पारदर्शी प्रशासन की मिसाल देखने को मिली, जहां एक दंपति को अल्प समय में विवाह प्रमाण पत्र जारी कर राहत प्रदान की गई।

शिविर में अशोक कुमार एवं श्रीमती नेहा हिंगड़ ने विवाह प्रमाण पत्र बनवाने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। नगर पालिका प्रशासन ने अधिशासी अधिकारी के निर्देशन में आवेदन का तत्काल परीक्षण कर सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कीं और कुछ ही समय में विवाह प्रमाण पत्र जारी कर दंपति को सौंप दिया।

प्रमाण पत्र प्राप्त करते ही दोनों के चेहरों पर संतोष और खुशी साफ दिखाई दी। दंपति ने बताया कि पहले इस तरह के कार्यों के लिए कई बार कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे, लेकिन शहरी सेवा शिविर में पूरी प्रक्रिया बेहद सरल, पारदर्शी और समयबद्ध रही, जिससे उनका महत्वपूर्ण कार्य बिना किसी परेशानी के पूरा हो गया।

दंपति ने राजस्थान सरकार, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, जिला प्रशासन और नगर पालिका सादड़ी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे शिविर आमजन की वर्षों पुरानी समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं।

प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि शहरी सेवा शिविरों का उद्देश्य नागरिकों को विभिन्न सरकारी सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना, लंबित प्रकरणों का मौके पर निस्तारण करना तथा आमजन को कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर से राहत दिलाना है। लगातार आयोजित किए जा रहे इन शिविरों से लोगों का प्रशासन पर विश्वास भी मजबूत हो रहा है और सुशासन की अवधारणा धरातल पर साकार होती दिखाई दे रही है।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button