स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों पर जिला प्रशासन सख्त, कलेक्टर ने सभी विभागों को दिए समयबद्ध कार्य पूर्ण करने के निर्देश

पाली : आगामी स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य, सुव्यवस्थित और गरिमामय बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को जिला कलक्टर कार्यालय सभागार में आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में जिला कलक्टर ने स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए सभी संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए। साथ ही विभिन्न विभागों की फ्लैगशिप योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति का भी गहन मूल्यांकन किया गया।
बैठक में जिला कलक्टर ने स्पष्ट किया कि स्वतंत्रता दिवस समारोह में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने समारोह स्थल की साफ-सफाई, मैदान का समतलीकरण, टेंट एवं मंच सज्जा, पेयजल, चिकित्सा, सुरक्षा, यातायात, रोशनी, आकर्षक सजावट तथा अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि परेड एवं रिहर्सल में एनसीसी, स्काउट-गाइड और स्कूली विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा, प्रशस्ति पत्र वितरण, सभी सरकारी कार्यालयों में ध्वजारोहण, जिला कलक्टर कार्यालय, नगर निगम एवं अन्य सरकारी भवनों की विशेष रोशनी और सजावट के साथ शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि कार्यक्रम की तैयारियों पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
समीक्षा बैठक के दौरान जिला कलक्टर ने विभिन्न विभागों के कार्यों की प्रगति पर भी विस्तार से चर्चा की। उन्होंने जिला एवं उपखंड स्तर पर रिक्त पदों की स्थिति, जर्जर सरकारी भवनों पर कार्रवाई, विद्युत फॉल्ट शिकायतों के त्वरित समाधान, मानसून के दौरान मिट्टी कटाव रोकने के उपाय, पशुपालन विभाग द्वारा लम्पी रोग टीकाकरण अभियान, जनआधार से जुड़े लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण तथा हरियालो राजस्थान अभियान की प्रगति की समीक्षा की। साथ ही सभी विभागों को जारी विकास कार्यों के टेंडर पर शीघ्र कार्य शुरू कराने के निर्देश भी दिए।

अतिरिक्त जिला कलक्टर (सीलिंग) ओम प्रभा ने समारोह स्थल पर सभी मूलभूत सुविधाओं के साथ फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी एवं मुख्य मार्गों पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य कार्यकारी अधिकारी मुकेश चौधरी, नगर निगम आयुक्त नवीन भारद्वाज सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि स्वतंत्रता दिवस समारोह को यादगार बनाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि आमजन को बेहतर व्यवस्थाएं और अनुशासित आयोजन का अनुभव मिल सके।



