google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

राजस्थानी को राजभाषा और संविधान में मान्यता दिलाने की उठी मांग, बांगड़ कॉलेज में छात्रों का प्रदर्शन

पाली : राजस्थानी भाषा को राजस्थान की राजभाषा घोषित करने और संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल करने की मांग को लेकर मंगलवार को पाली के बांगड़ कॉलेज में विद्यार्थियों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष यशपाल सिंह कुम्पावत के नेतृत्व में छात्रों ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते हुए राजस्थानी भाषा के संरक्षण, संवर्धन और शैक्षणिक विकास के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान विद्यार्थियों ने कहा कि राजस्थानी केवल एक भाषा नहीं, बल्कि राजस्थान की सांस्कृतिक पहचान, लोक परंपराओं और करोड़ों लोगों की मातृभाषा है। इसके बावजूद आज तक इसे वह संवैधानिक और प्रशासनिक सम्मान नहीं मिल पाया है, जिसकी यह वास्तविक हकदार है।

यशपाल सिंह कुम्पावत ने कहा कि प्रदेश के अधिकांश विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में राजस्थानी भाषा के विभाग एवं अध्ययन केंद्र तक नहीं हैं, जबकि अन्य भाषाओं को पर्याप्त महत्व दिया जा रहा है। उन्होंने मांग की कि प्रदेश के सभी उच्च शिक्षण संस्थानों में राजस्थानी भाषा के विभाग स्थापित किए जाएं, ताकि भाषा के संरक्षण, शोध और साहित्य के विकास को नई दिशा मिल सके।

मुख्यमंत्री के नाम सौंपे गए ज्ञापन में मांग की गई कि राजस्थानी भाषा को प्राथमिक विद्यालय से लेकर विश्वविद्यालय स्तर तक अनिवार्य विषय के रूप में लागू किया जाए। साथ ही रीट सहित सभी प्रमुख प्रतियोगी परीक्षाओं में राजस्थानी भाषा को शामिल किया जाए, ताकि युवाओं को अपनी मातृभाषा में अवसर मिल सके।

विद्यार्थियों ने कहा कि प्रत्येक बच्चे को उसकी मातृभाषा राजस्थानी में प्रारंभिक शिक्षा उपलब्ध कराई जानी चाहिए, जिससे नई पीढ़ी अपनी भाषा, संस्कृति और लोक परंपराओं से जुड़ी रह सके। उनका कहना था कि किसी भी राज्य की भाषा उसकी ऐतिहासिक विरासत और सांस्कृतिक अस्मिता का सबसे बड़ा प्रतीक होती है।

प्रदर्शन के बाद कॉलेज प्राचार्य को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। प्राचार्य ने विद्यार्थियों की मांग राज्य सरकार तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। इस दौरान नरेश चौधरी, जयेश चौहान, पूनम सिंह, कमलेश, अजय बोराणा, अर्पित आदिवाल, भावेश माली, अनुराग सिंह सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button