पाली में गौ सुरक्षा का अनोखा अभियान, सड़कों पर घूम रहे गौवंश को पहनाई जाएंगी रेडियम बेल्ट, हादसों पर लगेगी रोक

पाली : सड़क दुर्घटनाओं में निराश्रित गौवंश की मौत और घायल होने की बढ़ती घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से पाली में एक अनूठी पहल शुरू की जा रही है। विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल एवं सांवरिया गौ सेवा संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में विशेष ‘गौ सुरक्षा अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान के तहत पाली शहर और आसपास करीब 30 किलोमीटर क्षेत्र में सड़कों पर विचरण करने वाली गौ माताओं के गले में रिफ्लेक्टिव (रेडियम) बेल्ट बांधी जाएंगी, ताकि रात के समय वे दूर से ही वाहन चालकों को दिखाई दें और सड़क हादसों को रोका जा सके।
बजरंग दल पाली के नगर संयोजक कैलाश कुमावत ने बताया कि शहर और आसपास के क्षेत्रों में बड़ी संख्या में गौवंश सड़कों पर रहता है। रात के समय कम रोशनी के कारण वाहन चालकों को गौवंश दिखाई नहीं देता, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं होती हैं। इन हादसों में न केवल गौवंश की जान जाती है, बल्कि कई बार वाहन चालक और राहगीर भी घायल हो जाते हैं।
उन्होंने बताया कि रेडियम बेल्ट लगाए जाने के बाद अंधेरे में भी गौवंश दूर से स्पष्ट दिखाई देगा। इससे वाहन चालक समय रहते गति नियंत्रित कर सकेंगे और दुर्घटनाओं की संभावना काफी हद तक कम होगी।

अभियान को चरणबद्ध तरीके से संचालित किया जाएगा। पहले चरण में पाली शहर और उसके आसपास के प्रमुख मार्गों पर विचरण करने वाले निराश्रित गौवंश को रेडियम बेल्ट पहनाई जाएगी। इसके बाद अभियान का विस्तार आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों तक किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक गौवंश को सुरक्षित किया जा सके।
कैलाश कुमावत ने गौभक्तों, सामाजिक संगठनों, युवाओं और आम नागरिकों से इस सेवा अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील करते हुए कहा कि “गौ माता की सुरक्षा केवल किसी एक संगठन की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। एक छोटा-सा प्रयास कई बेजुबान गौ माताओं का जीवन बचा सकता है।”
इस अवसर पर तुलसीदास वैष्णव, गोविंद मेघवाल, अमित, गौतम राठौड़, राहुल राठौड़, नवरत्न वैष्णव, प्रदीप राजपूत, अरविंद राजपूत, भाविन, अनिल सैन, गौरव जोशी, कृष्णा सहित बड़ी संख्या में गौसेवक एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
यह पहल न केवल गौ संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है, बल्कि सड़क सुरक्षा के प्रति सामाजिक जागरूकता बढ़ाने का भी एक प्रभावी प्रयास साबित होगी।



