google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

पाली में कानून व्यवस्था को लेकर हाई लेवल बैठक, निकाय चुनाव से लेकर रामदेवरा मेले तक प्रशासन ने बनाया एक्शन प्लान

पाली : आगामी निकाय चुनाव, रामदेवरा पैदल यात्रा, परशुराम महादेव मेले और जिले की कानून-व्यवस्था को लेकर शुक्रवार को जिला परिषद सभागार में जिला कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिले के सभी उपखंड अधिकारियों, पुलिस अधिकारियों और विभिन्न विभागों के प्रमुख अधिकारियों के साथ कानून-व्यवस्था, सड़क सुरक्षा, अवैध खनन, अतिक्रमण, स्वच्छता और विभागीय समन्वय सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा करते हुए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

जिला कलेक्टर ने सभी उपखंड एवं ब्लॉक अधिकारियों से उनके क्षेत्र की वर्तमान स्थिति, प्रमुख समस्याओं और आगामी चुनौतियों की जानकारी लेकर स्पष्ट किया कि प्रत्येक विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए व्यवस्थाओं को पहले से मजबूत बनाए, ताकि किसी भी स्थिति में आमजन को परेशानी का सामना न करना पड़े।

बैठक में आगामी निकाय चुनावों को लेकर प्रशासनिक तैयारियों की गहन समीक्षा की गई। जिला कलेक्टर ने संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों की पहचान, शस्त्र जमा कराने की प्रक्रिया, सीएलजी बैठकों के आयोजन, मतदान केंद्रों के भौतिक सत्यापन तथा विभागों के बीच समन्वय को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।

सड़क सुरक्षा को लेकर जिला कलेक्टर ने जिले के दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर वहां आवश्यक सुरक्षा उपाय करने के निर्देश दिए। उन्होंने राजमार्गों पर रिफ्लेक्टर, चेतावनी संकेतक बोर्ड, सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाने तथा सड़क पर विचरण करने वाले निराश्रित पशुओं को गौशालाओं में भेजने की कार्ययोजना पर प्रभावी अमल करने को कहा।

बैठक में रामदेवरा पैदल यात्रा और परशुराम महादेव मेले की तैयारियों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। जिला कलेक्टर ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, पेयजल, चिकित्सा, स्वच्छता, भंडारों की अनुमति (एनओसी), गुणवत्तापूर्ण भोजन और कचरा प्रबंधन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने नवाचार के तहत बाइक से यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को हेलमेट वितरित कर सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की पहल को भी प्रभावी ढंग से लागू करने को कहा।

जिला कलेक्टर ने जिले में अवैध खनन और अतिक्रमण के खिलाफ लगातार अभियान चलाने के निर्देश दिए। वहीं एनडीपीएस एक्ट के तहत मादक पदार्थों की तस्करी और नशे के कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई करने के लिए पुलिस और प्रशासन को समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में पाली, रोहट, सोजत, सुमेरपुर, मारवाड़ जंक्शन, बाली, देसूरी, तखतगढ़, फालना, नाडोल और देसूरी नाल सहित जिले के सभी क्षेत्रों की कानून-व्यवस्था, विकास कार्यों और स्थानीय समस्याओं की अलग-अलग समीक्षा की गई। नगर निकायों को शहरों में सफाई व्यवस्था, कचरा निस्तारण और स्वच्छता अभियान को और प्रभावी बनाने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में जिला पुलिस अधीक्षक मोनिका सेन ने पुलिस एवं प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय, नशे के खिलाफ अभियान और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही यूसीसी (ऑनलाइन भागीदारी) से संबंधित आवश्यक निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए।

बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. बजरंग सिंह, एडीएम ओम प्रभा, जिला परिषद सीईओ मुकेश चौधरी, नगर निगम आयुक्त नवीन भारद्वाज, सभी उपखंड अधिकारी, विकास अधिकारी, पुलिस अधिकारी, नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी तथा हाईवे, चिकित्सा, सार्वजनिक निर्माण विभाग सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button