google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

पाली में हरियाली का महाअभियान, ‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत 500 से अधिक पौधे रोपे, संरक्षण का लिया संकल्प

पाली : पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने और आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित भविष्य सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पाली शहर के राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, मिल क्षेत्र में शनिवार को ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत वृहद पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। शिक्षा विभाग एवं रघुकूल सेवक फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस अभियान में विद्यालय परिसर और आसपास 500 से अधिक पौधे लगाए गए। साथ ही सभी प्रतिभागियों ने पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल का संकल्प भी लिया।

कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, विद्यार्थियों और अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। पौधरोपण के साथ पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ने का संदेश भी दिया गया।

विद्यालय की प्रधानाचार्य लेखनी शर्मा ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि प्रत्येक पौधे को जीवित रखकर पर्यावरण संतुलन बनाए रखना है। उन्होंने विद्यार्थियों और अभिभावकों से पौधों को परिवार के सदस्य की तरह अपनाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।

मुख्य अतिथि संयुक्त निदेशक, स्कूल शिक्षा मंडल विष्णु प्रसाद गुर्जर ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यदि हर व्यक्ति कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प ले, तो प्रदेश ही नहीं, पूरा देश हरियाली की नई मिसाल बन सकता है।

एडीईओ चंद्रेशपाल सिंह ने लोगों से अपने घरों और आसपास अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील करते हुए कहा कि प्रकृति की सेवा का सबसे सरल माध्यम पौधरोपण है।

वहीं समग्र शिक्षा के सहायक निदेशक दौलाराम मेघवाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि पौधे लगाने के बाद उनकी नियमित सिंचाई और सुरक्षा सुनिश्चित करना ही अभियान की वास्तविक सफलता है।

कार्यक्रम में उप जिला शिक्षा अधिकारी (शारीरिक शिक्षा) बलवीर सिंह राणावत, रघुकूल सेवक फाउंडेशन के रघुवीर सिंह राजावत, रेंजर प्रकाश पटेल, पूर्व पार्षद भंवर राव और नागपाल सिंह राठौड़ ने भी अपने विचार व्यक्त किए। सभी वक्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ने और अधिकाधिक पौधरोपण के साथ उनके संरक्षण पर जोर दिया।

कार्यक्रम में विद्यालय स्टाफ, बड़ी संख्या में छात्राओं, अभिभावकों और गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समापन पर सभी ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने तथा पर्यावरण संरक्षण को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर विद्यालय परिसर हरियाली के संकल्प और पर्यावरण संरक्षण के संदेश से गूंज उठा, वहीं ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान ने प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी का प्रभावी संदेश दिया।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button