google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

विश्व स्काउट स्कार्फ दिवस पर पाली जिले में हरियाली का संकल्प, स्काउट-गाइड्स ने लगाए 6 हजार से अधिक पौधे

पाली : विश्व स्काउट स्कार्फ दिवस के अवसर पर राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड जिला मुख्यालय पाली के तत्वावधान में शनिवार को जिलेभर में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। “हरियालो राजस्थान” और “एक स्काउट-एक वृक्ष” अभियान के तहत स्काउट-गाइड्स ने एक ही दिन में 6 हजार से अधिक पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान सभी स्वयंसेवकों ने लगाए गए पौधों की देखभाल और संरक्षण का भी संकल्प लिया।

जिला संगठन आयुक्त (स्काउट) गोविंद मीना ने बताया कि जिले के विभिन्न स्थानीय संघों एवं विद्यालयों की स्काउट-गाइड इकाइयों ने विश्व स्काउट स्कार्फ दिवस को सेवा और प्रकृति संरक्षण के रूप में मनाया। अभियान के तहत विद्यालय परिसरों, सार्वजनिक स्थलों और अन्य चयनित स्थानों पर बड़ी संख्या में पौधे लगाए गए।

उन्होंने बताया कि वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय, भारत सरकार की नेशनल ग्रीन कोर एवं पर्यावरण शिक्षा कार्यक्रम के अंतर्गत स्काउट-गाइड संगठन प्रतिवर्ष पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से वृक्षारोपण अभियान संचालित करता है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य केवल पौधे लगाना ही नहीं, बल्कि उनके बड़े होने तक नियमित देखभाल कर उन्हें सुरक्षित रखना भी है।

इस अवसर पर स्काउट-गाइड्स ने पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण और हरित राजस्थान के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प भी लिया। अभियान में जिले के विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक, स्काउट मास्टर, गाइड कैप्टन एवं स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

जिला संगठन आयुक्त (गाइड) डिंपल दवे ने बताया कि 3 से 7 अगस्त 2026 तक जिला प्रशिक्षण केंद्र, बजरंग बाड़ी, पाली में जिला स्तरीय राज्य पुरस्कार गाइड एवं रेंजर प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि शिविर में जिले के विभिन्न विद्यालयों की तृतीय सोपान उत्तीर्ण गाइड्स भाग लेंगी। प्रशिक्षण के दौरान राज्य पुरस्कार परीक्षा की तैयारी कराई जाएगी तथा प्रतिभागियों का आगामी अक्टूबर माह में आयोजित राज्य पुरस्कार परीक्षा के लिए पंजीकरण भी कराया जाएगा। शिविर में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, सेवा कार्य, प्राथमिक उपचार, पर्यावरण संरक्षण तथा स्काउट-गाइड गतिविधियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।

जिला मुख्यालय का मानना है कि इस प्रकार के प्रशिक्षण शिविर और पर्यावरणीय अभियान युवाओं में सेवा भावना, सामाजिक उत्तरदायित्व और प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button