विश्व हिन्दू परिषद में नई जिम्मेदारियों का ऐलान, पवन कुमार पाण्डेय बने जोधपुर प्रांत के नैतिक शिक्षा प्रमुख

पाली : विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) जोधपुर प्रांत की दो दिवसीय प्रांतीय बैठक जोधपुर के अग्रसेन भवन में केंद्रीय संयुक्त मंत्री डॉ. सुरेंद्र जैन, क्षेत्रीय संगठन मंत्री आनंद कुमार तथा क्षेत्रीय मंत्री सुरेश उपाध्याय के सानिध्य में संपन्न हुई। बैठक में संगठन विस्तार, सांस्कृतिक संरक्षण, नैतिक शिक्षा, सेवा गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत मंथन किया गया। साथ ही संगठन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण दायित्वों की घोषणा भी की गई।
प्रांत मंत्री परमेश्वर जोशी ने बताया कि विहिप ने लेखक एवं साहित्यकार पवन कुमार पाण्डेय को जोधपुर प्रांत का प्रांत नैतिक शिक्षा प्रमुख नियुक्त किया है। क्षेत्रीय मंत्री सुरेश उपाध्याय ने बैठक के दौरान इस नियुक्ति की औपचारिक घोषणा की। पाण्डेय को विशेष रूप से ‘सुबोध रामायण’ एवं ‘महाभारत’ जैसे भारतीय संस्कृति और नैतिक मूल्यों पर आधारित विषयों के प्रचार-प्रसार तथा समाज में नैतिक शिक्षा के विस्तार का दायित्व सौंपा गया है।
बैठक में मातृशक्ति और दुर्गा वाहिनी संगठन को सशक्त बनाने के लिए भी नई जिम्मेदारियां घोषित की गईं। रेखा सोलंकी को मातृशक्ति विभाग संयोजिका तथा संतोष वैष्णव को दुर्गा वाहिनी विभाग संयोजिका का दायित्व सौंपा गया। संगठन पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि नई टीम समाज में सांस्कृतिक और राष्ट्रवादी विचारों के प्रसार के साथ संगठनात्मक गतिविधियों को नई गति देगी।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में समाज में नैतिक मूल्यों, भारतीय संस्कृति और पारिवारिक संस्कारों के संरक्षण की आवश्यकता पहले से अधिक बढ़ गई है। इसी उद्देश्य से विहिप आने वाले समय में नैतिक शिक्षा, परिवार प्रबोधन, सेवा कार्यों और समाज जागरण से जुड़े कार्यक्रमों को गांव-गांव और शहर-शहर तक पहुंचाने की दिशा में कार्य करेगा।
इस अवसर पर प्रांत अध्यक्ष डॉ. राम गोयल, प्रांत उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह भाटी, मानाराम विश्नोई, प्रांत कोषाध्यक्ष डॉ. पंकज भंडारी, प्रांत संगठन मंत्री राजेश पटेल सहित प्रांत के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक में संगठन की आगामी कार्ययोजना पर चर्चा करते हुए सभी पदाधिकारियों ने समाज हित, सांस्कृतिक संरक्षण और राष्ट्र निर्माण के कार्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।



