google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

हाइफा हीरो मेजर दलपत सिंह देवली के बलिदान दिवस पर होगा ऐतिहासिक महा सम्मेलन, ‘आओ पाली अभियान’ का आगाज

पाली : अमर शहीद हाइफा हीरो मेजर दलपत सिंह देवली के 108वें बलिदान दिवस पर आगामी 23 सितंबर को ट्रांसपोर्ट नगर स्थित हाइफा हीरो सर्किल पर प्रस्तावित भव्य महा सम्मेलन को ऐतिहासिक बनाने के लिए तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में रविवार को सर्वोदय नगर स्थित रावणा राजपूत समाज भवन में समाज की जिला स्तरीय बैठक आयोजित हुई, जिसमें प्रदेश एवं जिला पदाधिकारियों ने सम्मेलन की रूपरेखा तय करते हुए व्यापक रणनीति बनाई और विभिन्न समितियों व टोली प्रभारियों को जिम्मेदारियां सौंपी।

बैठक की शुरुआत “आओ पाली अभियान” के पोस्टर विमोचन के साथ हुई। मीडिया प्रभारी विक्रम सिंह परिहार ने बताया कि इस अभियान के माध्यम से समाज के प्रत्येक परिवार तक पहुंचकर अधिक से अधिक लोगों को सम्मेलन में शामिल होने के लिए प्रेरित किया जाएगा, ताकि राष्ट्र के वीर सपूत मेजर दलपत सिंह देवली को सामूहिक श्रद्धांजलि अर्पित की जा सके।

प्रदेश महामंत्री मूल सिंह गहलोत ने कहा कि मेजर दलपत सिंह देवली केवल रावणा राजपूत समाज के गौरव नहीं, बल्कि सम्पूर्ण छत्तीस कौम के प्रेरणास्रोत हैं। हाइफा युद्ध में उनका अद्वितीय शौर्य, राष्ट्रभक्ति और सर्वोच्च बलिदान भारतीय सैन्य इतिहास का स्वर्णिम अध्याय है। उन्होंने समाज के प्रत्येक वर्ग से सम्मेलन को सफल बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

महिला प्रदेश अध्यक्ष अनिता चौहान ने कहा कि समाज के विकास में महिलाओं की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने महिलाओं से सामाजिक, शैक्षणिक और संगठनात्मक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।

युवा प्रदेश अध्यक्ष सुधीर सिंह ने युवाओं को समाज की सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए कहा कि शिक्षा, संस्कार, सामाजिक चेतना और संगठनात्मक एकता को मजबूत बनाने में युवाओं की भूमिका निर्णायक है। वहीं युवा प्रदेश महामंत्री अनिल सिंह बडगुजर ने समाज में व्याप्त कुरीतियों और रूढ़िवादी सोच को समाप्त कर सामाजिक सुधार की दिशा में आगे बढ़ने का संदेश दिया।

पाली जिला संरक्षक मूल सिंह भाटी एवं जिलाध्यक्ष प्रमेंद्र सिंह परिहार ने बताया कि 23 सितंबर को होने वाले महा सम्मेलन को सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने के लिए प्रचार-प्रसार, आमंत्रण, स्वागत, यातायात, भोजन, मंच व्यवस्था, अतिथि सत्कार तथा अन्य व्यवस्थाओं के लिए अलग-अलग समितियों एवं टोलियों का गठन किया गया है। प्रत्येक टीम को स्पष्ट जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं ताकि कार्यक्रम में प्रदेशभर से आने वाले समाजबंधुओं के लिए बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा सकें।

बैठक को प्रदेश संगठन मंत्री बलवंत सिंह, प्रदेश प्रचार मंत्री रेखा भाटी, सुनीता गोयल तथा महिला जिलाध्यक्ष सिंधु कंवर सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया। उन्होंने समाज में संगठनात्मक एकजुटता, सामाजिक समरसता, शिक्षा, संस्कार और गौरवशाली इतिहास से नई पीढ़ी को जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया। वक्ताओं ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज को नई दिशा देने के साथ-साथ युवाओं में प्रेरणा और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करते हैं।

बैठक में सोजत तहसील अध्यक्ष किशोर सिंह, ढलसिंह चौहान, एडवोकेट विक्रम सिंह भैंसाना, जगदीश सिंह इंदा, मांगू सिंह गोयल, सुरेंद्र सिंह परिहार, संतु सिंह सोलंकी, पूनम सिंह राठौड़, शैतान सिंह राठौड़, नरपत सिंह सोलंकी, गणपत सिंह दइया, ओम सिंह सोढ़ा, राजेंद्र सिंह, जब्बर सिंह देवल, राजू सिंह, राकेश सिंह आउवा, लाल सिंह पंवार, कल्याण सिंह सोलंकी, बाबू सिंह परिहार, नारायण सिंह गहलोत, अर्जुन सिंह भाटी सहित बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।

बैठक का संचालन दलपत सिंह भाटी ने किया। अंत में सभी समाजबंधुओं से 23 सितंबर को आयोजित होने वाले महा सम्मेलन में अधिकाधिक संख्या में भाग लेकर अमर शहीद हाइफा हीरो मेजर दलपत सिंह देवली को सामूहिक श्रद्धांजलि अर्पित करने और कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button