बाली के शहरी सेवा शिविर में आमजन को मिली बड़ी राहत, एक ही दिन में पट्टे, नामांतरण और भवन अनुमति पत्रों का वितरण

पाली/बाली : राजस्थान सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक त्वरित और पारदर्शी तरीके से पहुंचाने के उद्देश्य से नगरपालिका मंडल बाली द्वारा संचालित ‘शहरी सेवा (फॉलोअप) शिविर-2026’ लोगों के लिए राहत का बड़ा माध्यम बनता जा रहा है। सोमवार को आयोजित जनसुनवाई शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों की समस्याओं का मौके पर समाधान किया गया तथा विभिन्न योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को आवश्यक दस्तावेज एवं स्वीकृतियां प्रदान की गईं।
कार्यक्रम में बाली विधायक पुष्पेंद्र सिंह राणावत ने पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ वितरित करते हुए कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य आम नागरिकों को सरकारी सेवाएं सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों से निर्देशों के अनुरूप लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।
जनसुनवाई के दौरान 23 पट्टों, 12 नामांतरण पत्रों तथा 7 भवन निर्माण अनुज्ञा पत्रों का वितरण किया गया। इसके अलावा प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत 28 लाभार्थियों को लेटर ऑफ रिकमेंडेशन (एलओआर) प्रदान किए गए, जिससे वे योजना के अंतर्गत ऋण प्राप्त कर अपने छोटे व्यवसाय को आगे बढ़ा सकेंगे।
शिविर में लाभ प्राप्त करने वाले नागरिकों ने मौके पर ही दस्तावेज मिलने पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि पहले जिन कार्यों के लिए कई बार कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे, अब उनका समाधान एक ही स्थान पर हो रहा है।

नगरपालिका मंडल के अधिशासी अधिकारी महेंद्र सिंह राजपुरोहित ने बताया कि 21 जुलाई से शुरू हुआ शहरी सेवा (फॉलोअप) शिविर-2026 आगामी 31 अगस्त 2026 तक संचालित रहेगा। शिविर में नगरपालिका सहित विभिन्न विभागों से संबंधित लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को समयबद्ध, पारदर्शी और सुगम प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराना है, ताकि लोगों को छोटी-छोटी प्रशासनिक प्रक्रियाओं के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
प्रशासन का मानना है कि ऐसे शिविरों के माध्यम से न केवल लंबित प्रकरणों का तेजी से निस्तारण हो रहा है, बल्कि आमजन का सरकारी व्यवस्था पर विश्वास भी मजबूत हो रहा है।



