google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

15 अगस्त को जोधपुर प्रांत से रवाना होगी बाबा बूढ़ा अमरनाथ यात्रा, पाली से 60 श्रद्धालु होंगे शामिल

पाली : बजरंग दल के तत्वावधान में आयोजित होने वाली बाबा बूढ़ा अमरनाथ यात्रा को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। यात्रा के लिए 15 अगस्त को जोधपुर प्रांत से श्रद्धालुओं का जत्था रवाना होगा। इस वर्ष यात्रा में पाली जिले से 60 श्रद्धालु जबकि पूरे जोधपुर प्रांत से करीब 600 महिला, पुरुष और बच्चे भाग लेंगे। यात्रा की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा कर जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

प्रांत सोशल मीडिया प्रमुख मनीष सेन ने बताया कि बाबा बूढ़ा अमरनाथ यात्रा का विशेष धार्मिक महत्व है। मान्यता है कि बाबा बूढ़ा अमरनाथ (चट्टानी) के दर्शन किए बिना बर्फानी बाबा अमरनाथ की यात्रा पूर्ण नहीं मानी जाती। उन्होंने बताया कि आतंकवाद के दौर में यह यात्रा वर्षों तक बाधित रही, लेकिन वर्ष 2005 में बजरंग दल ने देशभर के श्रद्धालुओं के सहयोग से इस यात्रा को पुनः प्रारंभ कराया, जिसके बाद से हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु इसमें भाग ले रहे हैं।

यात्रा 15 अगस्त 2026 (शनिवार) को सुबह 7 बजे बीजीकेटी-जम्मू एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 14803) से जोधपुर से रवाना होगी। श्रद्धालुओं का जत्था 16 अगस्त को जम्मू पहुंचकर भगवती नगर यात्री शिविर में विश्राम करेगा।

17 अगस्त को सुबह यात्रा बसों के माध्यम से विभिन्न धार्मिक स्थलों के दर्शन करते हुए पूंछ पहुंचेगी। 18 अगस्त को श्रद्धालु श्री बाबा बूढ़ा अमरनाथ के दर्शन कर सुंदरबनी के लिए रवाना होंगे। इसके बाद 19 अगस्त को शिवखोड़ी और 20 अगस्त को माता वैष्णो देवी के दर्शन का कार्यक्रम रखा गया है। वापसी यात्रा 21 अगस्त को जम्मू रेलवे स्टेशन से बीजीकेटी-जम्मू एक्सप्रेस (14804) के माध्यम से जोधपुर के लिए होगी।

यात्रा को सुव्यवस्थित और सफल बनाने के लिए पाली जिला यात्रा प्रमुख के रूप में प्रवीण परिहार की नियुक्ति की गई है। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, आवास, भोजन, परिवहन और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत योजना तैयार की गई है।

यात्रा की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में बजरंग दल के राष्ट्रीय संयोजक किशन प्रजापत, विश्व हिंदू परिषद प्रांत मंत्री परमेश्वर जोशी, प्रांत संयोजक विक्रम परिहार, प्रांत सुरक्षा प्रमुख अनिल चौहान, जिला अध्यक्ष नरेंद्र माछर, जिला मंत्री बाबूलाल कुमावत, सह मंत्री प्रवीण परिहार, किशन चौधरी, नगर अध्यक्ष आनंदस्वरूप गुप्ता, रामसुख पायक, कैलाश कुमावत, श्रवण भिलवाड़ा, प्रमोद गौड़, गौरव शर्मा सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बैठक में श्रद्धालुओं से समय पर पंजीकरण, यात्रा अनुशासन का पालन तथा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार यात्रा में शामिल होने का आग्रह किया गया। पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि इस वर्ष भी बाबा बूढ़ा अमरनाथ यात्रा श्रद्धा, अनुशासन और भक्ति के साथ सफलतापूर्वक संपन्न होगी।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button