मरुधर केसरी मित्र मंडल मनाएगा संतों की जन्म जयंती, 20 से 27 अगस्त तक होंगे विविध धार्मिक आयोजन

पाली : मरुधर केसरी मित्र मंडल की ओर से पूज्य प्रवर्तक मरुधर केसरी श्री मिश्रीमल जी महाराज की 136वीं जन्म जयंती एवं लोकमान्य संत वरिष्ठ प्रवर्तक पूज्य गुरुदेव रूपचंद जी महाराज की 97वीं जन्म जयंती के उपलक्ष्य में सप्ताहभर विभिन्न धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। संतों की जन्म जयंती को श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाने को लेकर मित्र मंडल की ओर से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
मरुधर केसरी मित्र मंडल के मंत्री सज्जन राज गुलेचा ने बताया कि जन्म जयंती के अवसर पर 20 से 27 अगस्त तक विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इन आयोजनों में सामायिक, सामूहिक आंमबिल, लपसी भोग, प्रवचन एवं प्रभावना सहित अनेक धार्मिक गतिविधियां शामिल रहेंगी।
उन्होंने बताया कि पूज्य प्रवर्तक मरुधर केसरी श्री मिश्रीमल जी महाराज की 136वीं जन्म जयंती 27 अगस्त, गुरुवार को मनाई जाएगी। वहीं पूज्य गुरुदेव रूपचंद जी महाराज की 97वीं जन्म जयंती 22 अगस्त को श्रद्धापूर्वक मनाई जाएगी। दोनों संतों के जीवन, तप, त्याग और समाज के प्रति योगदान को स्मरण करते हुए धार्मिक आयोजन किए जाएंगे।

कार्यक्रमों की शुरुआत धार्मिक भावनाओं के साथ होगी। प्रथम दिन धुंधाड़ा-धर्मपुरा गौशाला में लपसी भोग का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन जसवंत राज, शांतिलाल, रमेश कुमार, महावीर चंद चोपड़ा परिवार की ओर से किया जाएगा।
इसके साथ ही चंपा देवी धर्मपत्नी कीलचंद्र जी की स्मृति में तीन सामायिक का आयोजन संतोष देवी शांतिलाल जी नबरिया परिवार, सोजत की ओर से रखा गया है।
कार्यक्रम के दौरान सामूहिक आंमबिल का आयोजन भी किया जाएगा। श्रीमती जेठी देवी सायरमल जी की आशीष से उगमचंद, मनमोहन, नितेश, राकेश एवं नमित गांधी परिवार की ओर से सामूहिक आंमबिल की व्यवस्था की जाएगी।
वहीं धार्मिक कार्यक्रमों में प्रवचन प्रभावना का आयोजन भी होगा। सुरेश पुरी, मुकेश पुरी, रोहित पुरी एवं गुलाब हलवा वाला की ओर से प्रभावना की जाएगी। आयोजकों के अनुसार आठ दिनों तक प्रतिदिन अलग-अलग धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

मरुधर केसरी मित्र मंडल के पदाधिकारियों ने बताया कि जन्म जयंती समारोह का उद्देश्य संतों के जीवन एवं उनके आध्यात्मिक संदेश को स्मरण करना तथा समाज को धर्म, संयम और सेवा के मार्ग से जोड़ना है। कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
मंडल की ओर से सभी कार्यक्रमों को व्यवस्थित एवं सफल बनाने के लिए पदाधिकारियों और सदस्यों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
आयोजन में मरुधर केसरी मित्र मंडल के अध्यक्ष नेमीचंद चोपड़ा, उपाध्यक्ष धनपत चोपड़ा एवं नरेंद्र पच, उपमंत्री दीपचंद सालेचा एवं शरबत पगारिया, कोषाध्यक्ष लाभचंद बोहरा तथा मांगीलाल संचेती सहित मंडल के पदाधिकारी एवं सदस्य सहयोग करेंगे।
सप्ताहभर चलने वाले इन धार्मिक आयोजनों के माध्यम से संतों की जन्म जयंती को श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण में मनाने की तैयारियां की जा रही हैं। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लेकर संतों के संदेश एवं आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान किया है।



