google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

सफाई व्यवस्था में लापरवाही पर निगम सख्त, कर्मचारी को नोटिस, तेज रफ्तार कचरा वाहन पर भी कार्रवाई

पाली : नगर निगम पाली की ओर से शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए निरीक्षण एवं मॉनिटरिंग का सिलसिला लगातार जारी है। इसी क्रम में नगर निगम आयुक्त ने शुक्रवार को शहर की अंदरूनी गलियों एवं विभिन्न वार्डों का भ्रमण कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जहां व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलीं, वहीं लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कार्मिकों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

शहर भ्रमण के दौरान आदर्श आचार संहिता की पालना के तहत सार्वजनिक संपत्तियों पर लगाए गए पोस्टर एवं बैनर हटाने की कार्रवाई का भी निरीक्षण किया गया। आयुक्त ने संबंधित कार्मिकों से अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी लेते हुए सार्वजनिक स्थानों को साफ-सुथरा रखने के निर्देश दिए।

आयुक्त ने विभिन्न वार्डों में वार्ड जमादारों, स्थानीय नागरिकों तथा घर-घर कचरा संग्रहण करने वाले वाहनों के चालकों से सीधे संवाद कर सफाई व्यवस्था की वास्तविक स्थिति जानी। उन्होंने नागरिकों से सफाई कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति, झाड़ू लगाने, नालियों की सफाई और कचरा संग्रहण की व्यवस्था को लेकर फीडबैक लिया।

वार्ड संख्या 26 में जमादार ललित को नियमित रूप से झाड़ू लगाने तथा नालियों की सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही सड़क किनारे एवं गलियों में उगी छोटी झाड़ियों, आकड़े तथा कंटीली झाड़ियों की कटाई करने के निर्देश दिए, ताकि वार्ड की गलियां और सड़कें साफ एवं व्यवस्थित नजर आएं।

इसी दौरान तिलक नगर निवासी महेश मेहता से भी आयुक्त ने बातचीत कर वार्ड जमादार की कार्यशैली एवं सफाई व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। महेश मेहता ने जमादार की कार्यशैली और व्यवहार को संतोषजनक बताया।

इसके बाद आयुक्त ने वार्ड संख्या 28 के खटीकों का बास क्षेत्र में पहुंचकर जमादार रवि के साथ सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। यहां सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिलने पर निगम ने सख्ती दिखाई। संबंधित सफाई कर्मचारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।

आयुक्त ने स्पष्ट किया कि वार्डों में सफाई व्यवस्था को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कर्मचारियों को निर्धारित क्षेत्रों में नियमित सफाई करने तथा नालियों और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी जमा नहीं होने देने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान वार्डवासियों ने घर-घर कचरा संग्रहण वाहन के तेज गति से क्षेत्र से गुजरने की शिकायत भी आयुक्त के सामने रखी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए संबंधित कचरा संग्रहण कंपनी को नोटिस जारी किया गया।

आयुक्त ने वाहन चालक को निर्देश दिए कि कचरा संग्रहण वाहन को निर्धारित स्थानों पर रोककर आसपास स्थित सभी मकानों से कचरा एकत्र किया जाए। उन्होंने कहा कि केवल तेज गति से क्षेत्र से निकल जाना घर-घर कचरा संग्रहण की प्रक्रिया नहीं है। प्रत्येक निर्धारित रूट पर शत-प्रतिशत कवरेज सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है।

नगर निगम आयुक्त ने आमजन से शहर की स्वच्छता व्यवस्था में सहयोग की अपील करते हुए कहा कि नागरिक कचरा नाला-नालियों अथवा सार्वजनिक स्थानों पर नहीं डालें। घर से निकलने वाला कचरा निर्धारित घर-घर कचरा संग्रहण वाहन को ही सौंपें।

उन्होंने बताया कि यदि किसी क्षेत्र में कचरा संग्रहण वाहन नियमित रूप से नहीं पहुंच रहा है तो नागरिक निगम के हेल्पलाइन नंबर 73000-25332 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

आयुक्त ने पशुपालकों से भी अपील की कि वे अपने गौवंश को बाड़े में बांधकर रखें और उन्हें सड़कों पर खुला नहीं छोड़ें। उन्होंने कहा कि सड़कों पर खुले में विचरण करने वाले गौवंश से यातायात बाधित होने के साथ दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है।

नगर निगम की ओर से सड़कों पर विचरण करते पाए जाने वाले गौवंश को पकड़कर गौशाला भेजा जाएगा। संबंधित पशुपालक द्वारा गौवंश को छुड़ाने के लिए नियमानुसार जुर्माना भी देना पड़ सकता है।

आयुक्त ने अधिकारियों एवं सफाई कार्मिकों को निर्देश दिए कि शहर की सफाई व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए कमियों को तत्काल दूर किया जाए और नागरिकों को स्वच्छ एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएं।

निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य अधिकारी कलीम असरफ सहित नगर निगम के संबंधित कार्मिक मौजूद रहे।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button