google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

पाली में नर्सिंग छात्राओं ने लिया नेत्रदान का संकल्प, ‘नेत्रदान महादान’ अभियान में दिया मानव सेवा का संदेश

पाली : नेत्रदान को लेकर आमजन में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आई बैंक सोसायटी ऑफ राजस्थान, पाली चैप्टर की ओर से मंगलवार को ‘नेत्रदान महादान राष्ट्रीय पखवाड़ा’ के तहत बांगड़ अस्पताल स्थित एएनएम ट्रेनिंग सेंटर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नर्सिंग प्रशिक्षण प्राप्त कर रही छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और नेत्रदान के महत्व को समझते हुए नेत्रदान का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में आई बैंक सोसायटी ऑफ राजस्थान पाली चैप्टर के संरक्षक डॉ. आर.के. गर्ग, नेत्र विभागाध्यक्ष डॉ. विपुल नागर, डॉ. के.सी. सैनी, आई बैंक सोसायटी की उपाध्यक्ष आशा मूंदड़ा, एएनएम अध्यक्ष पारस कुम्पावत, ईबीएसआर सदस्य पंकज मूंदड़ा एवं राजा भंडारी सहित संस्था के पदाधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं संस्था के पदाधिकारियों ने नर्सिंग छात्राओं को नेत्रदान के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। वक्ताओं ने बताया कि मृत्यु के बाद किया गया नेत्रदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन में रोशनी वापस लाने का माध्यम बन सकता है। नेत्रदान केवल एक व्यक्ति की दृष्टि लौटाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज में मानवता और सेवा की भावना को मजबूत करने वाला कार्य है।

डॉ. के.सी. सैनी, डॉ. विपुल नागर और डॉ. आर.के. गर्ग ने छात्राओं को बताया कि नेत्रदान कौन कर सकता है, किन परिस्थितियों में नेत्रदान किया जा सकता है और किन परिस्थितियों में नेत्रदान संभव नहीं होता। इसके साथ ही मृत्यु के बाद नेत्रदान की प्रक्रिया किस प्रकार पूरी की जाती है, इसकी भी जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में आई बैंक सोसायटी के अध्यक्ष केवलचंद कवाड़ एवं उपाध्यक्ष आशा मूंदड़ा ने नेत्रदान को लेकर समाज में जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि नेत्रदान के प्रति लोगों में अभी भी कई तरह की भ्रांतियां हैं। सही जानकारी और जागरूकता के माध्यम से इन भ्रांतियों को दूर किया जा सकता है।

उन्होंने नर्सिंग छात्राओं से आह्वान किया कि वे स्वयं नेत्रदान का संकल्प लेने के साथ-साथ अपने परिवार, परिचितों और समाज के अन्य लोगों को भी नेत्रदान के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि एक छोटा सा संकल्प किसी जरूरतमंद के जीवन में उजाला ला सकता है।

कार्यक्रम का सबसे महत्वपूर्ण पहलू रहा कि बड़ी संख्या में उपस्थित नर्सिंग छात्राओं ने नेत्रदान के महत्व को समझने के बाद नेत्रदान के संकल्प पत्र भरकर मानव सेवा के इस अभियान से जुड़ने की घोषणा की। छात्राओं ने कहा कि नेत्रदान के माध्यम से मृत्यु के बाद भी किसी जरूरतमंद व्यक्ति की जिंदगी में रोशनी लाई जा सकती है।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने नेत्रदान से संबंधित विभिन्न सवाल भी पूछे, जिनका चिकित्सकों एवं विशेषज्ञों ने सरल भाषा में जवाब देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया।

आई बैंक सोसायटी ऑफ राजस्थान, पाली चैप्टर की ओर से नेत्रदान को लेकर जिले में लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। संस्था पदाधिकारियों ने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक नेत्रदान का संदेश पहुंचाना और अधिक से अधिक लोगों को इसके लिए प्रेरित करना अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।

कार्यक्रम के अंत में आई बैंक सोसायटी ऑफ राजस्थान पाली चैप्टर के सचिव भंवरलाल सेमलानी ने सभी अतिथियों, चिकित्सकों, नर्सिंग छात्राओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जागरूकता के माध्यम से नेत्रदान के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग इस पुनीत कार्य से जुड़ सकें।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button