जिला कलेक्टर ने की साप्ताहिक समीक्षा, तिरंगा अभियान से लेकर सड़कों की मरम्मत तक दिए निर्देश

पाली : जिला कलेक्टर एल.एन. मंत्री ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की, जिसमें हर घर तिरंगा अभियान, हरियालो राजस्थान, मानसून से जुड़े कार्य और विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा की गई।
उन्होंने अधिकारियों को तिरंगा अभियान में उत्साहपूर्वक भागीदारी सुनिश्चित करने, 15 अगस्त तक होने वाले आयोजनों की तैयारी पूर्ण करने और हरियालो राजस्थान के लक्ष्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत व पेचवर्क दीपावली से पहले पूरा करने और जर्जर भवनों की रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।
बैठक में रामदेवरा पदयात्रा की व्यवस्थाओं, शिक्षा व चिकित्सा सेवाओं, बिजली-पानी आपूर्ति, सड़क निर्माण, गिरदावरी, कृषि, पशुपालन, सहकारिता, डेयरी, खनन, रोजगार मेलों और नगर विकास कार्यों पर भी चर्चा हुई। पशुपालन विभाग को दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने सम्पर्क पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर जोर देते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर सीलिंग अश्विन के. पंवार, सीईओ मुकेश चौधरी, एसडीएम विमलेंद्र राणावत, नगर निगम आयुक्त नवीन भारद्वाज, यूआईटी सचिव डॉ. पूजा सक्सेना सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।



