किसानों को मिला बड़ा तोहफा: प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की पहली किश्त खातों में ट्रांसफर

पाली : किसानों के लिए राहत और खुशहाली लेकर आने वाले ऐतिहासिक मौके पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने झुंझुनूं से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत रबी सीजन 2024-25 और खरीफ सीजन 2024 की बीमा दावा राशि की पहली किश्त डीबीटी के माध्यम से किसानों के बैंक खातों में सीधे हस्तांतरित की।

राज्यभर के लगभग 27 लाख फसल बीमा धारक किसानों को करीब 1200 करोड़ रुपये की राशि का भुगतान किया गया। इस अवसर पर विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक भी प्रदान किए गए। डीबीटी के माध्यम से यह राशि सीधे किसानों के खातों में पहुंचाई गई, जिससे पारदर्शिता और त्वरित लाभ सुनिश्चित हो सका।

जिला परिषद पाली सभागार में इस कार्यक्रम का लाइव प्रसारण दिखाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में अधिकारी और किसान शामिल हुए। इस मौके पर जिला कलेक्टर एल.एन. मंत्री, अतिरिक्त जिला कलेक्टर अश्विनी के. पंवार, मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद मुकेश चौधरी, यूआईटी सचिव डॉ. पूजा सक्सेना, संयुक्त निदेशक कृषि आर.सी. आमेटा, संयुक्त निदेशक सूचना प्रौद्योगिकी राजेश चौधरी, एमडी सीसीबी प्रशांत कल्ला, सहकारिता विभाग के जितेंद्र, बागवानी उपनिदेशक मनोज अग्रवाल सहित अन्य अधिकारी व किसान मौजूद रहे। यह पहल न केवल किसानों की आर्थिक सुरक्षा को मजबूत करती है, बल्कि प्राकृतिक आपदाओं और फसल नुकसान की स्थिति में उन्हें तत्काल राहत देने की सरकार की प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है।



