पाली : सफाई कर्मियों की भव्य तिरंगा रैली, देशभक्ति के नारों से गूंजा शहर

पाली : ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत बुधवार को नगर निगम सफाई कर्मियों ने ऑटो टीपर और सैकड़ों दुपहिया वाहनों के साथ भव्य तिरंगा रैली निकाली। जिला कलक्टर एल.एन. मंत्री ने सर्किट हाउस से रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर जिला परिषद् सीईओ मुकेश चौधरी, प्रशिक्षु आईएएस बिरजु चौधरी और नगर निगम आयुक्त नवीन भारद्वाज भी मौजूद रहे। रैली सर्किट हाउस से नया बस स्टैंड, कवाड़ सर्किल, बांगड़ स्कूल, सूरजपोल, लोढ़ा स्कूल होते हुए रोटरी क्लब से बांगड़ स्कूल तिराहा पर सम्पन्न हुई।

रैली में 200 कर्मचारी, 100 दुपहिया वाहन और 65 घर-घर कचरा संग्रहण वाहन शामिल हुए। प्रतिभागियों ने “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम” और “जय हिंद” जैसे जोशीले नारे लगाकर माहौल को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। तिरंगे से सजे वाहन और गूंजते नारे शहर की गलियों में देशप्रेम की लहर दौड़ाते रहे।




