google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

मतदाता सूची दुरुस्त करने घर-घर पहुंचे बीएलओ, नए नाम जोड़ने और संशोधन के लिए जुटाए आवेदन

पाली : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत पाली विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने की कवायद तेज हो गई है। इसी क्रम में सोमवार को बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) ने अपने निर्धारित क्षेत्रों में घर-घर पहुंचकर मतदाताओं से संपर्क किया। इस दौरान पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, अपात्र एवं मृत मतदाताओं के नाम हटवाने तथा नाम-पते सहित अन्य विवरणों में संशोधन की प्रक्रिया की जानकारी देकर निर्धारित प्रपत्रों में आवेदन प्राप्त किए गए।

निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र पाली एवं उपखंड अधिकारी विमलेन्द्र सिंह राणावत ने बताया कि विशेष पुनरीक्षण अभियान के तहत बीएलओ घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन कर रहे हैं। इस दौरान नागरिकों को यह भी बताया जा रहा है कि यदि उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है या दर्ज विवरण में किसी प्रकार की त्रुटि है, तो निर्धारित प्रपत्र भरकर उसमें सुधार करवाया जा सकता है।

अभियान के दौरान मतदाता सूची से संबंधित विभिन्न कार्यों के लिए तीन निर्धारित प्रपत्रों में आवेदन प्राप्त किए जा रहे हैं। इनमें नए पात्र मतदाताओं का नाम सूची में शामिल करवाने के लिए फॉर्म संख्या-6, अपात्र या मृत मतदाताओं के नाम हटवाने के लिए फॉर्म संख्या-7 तथा नाम, पता और अन्य विवरणों में संशोधन के लिए फॉर्म संख्या-8 शामिल हैं।

बीएलओ ने घर-घर पहुंचकर इन प्रपत्रों की उपयोगिता और आवेदन प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी, ताकि पात्र नागरिक आसानी से मतदाता सूची में आवश्यक बदलाव करवा सकें।

उपखंड अधिकारी राणावत ने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी और अद्यतन बनाना है। इसके माध्यम से यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने से वंचित नहीं रहे। साथ ही सूची में दर्ज नामों और अन्य विवरणों से जुड़ी त्रुटियों को भी समय रहते सुधारा जा सके।

उन्होंने बताया कि मंगलवार को भी सभी बूथ लेवल अधिकारी अपने निर्धारित क्षेत्रों में घर-घर जाकर निर्वाचन संबंधी कार्य जारी रखेंगे। इस दौरान पात्र नागरिकों से आवश्यक जानकारी प्राप्त करने के साथ निर्धारित प्रपत्रों में आवेदन भी लिए जाएंगे।

राणावत ने आमजन से अपील की कि वे मतदाता सूची में अपना और अपने परिवार के सदस्यों का नाम तथा अन्य विवरण अवश्य जांच लें। यदि नाम जोड़ने, हटाने या संशोधन की आवश्यकता हो तो बीएलओ को निर्धारित प्रपत्र में आवेदन दें। उन्होंने नागरिकों से सर्वे के दौरान बीएलओ को आवश्यक जानकारी एवं दस्तावेज उपलब्ध करवाकर मतदाता सूची के शुद्धीकरण और अद्यतन कार्य में सहयोग करने का आग्रह किया।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button