पाली जिले में मतदाता सूची का प्रारूप जारी, 12 दिसंबर तक जुड़वा सकेंगे नया नाम, जानें आवेदन की पूरी प्रक्रिया

पाली : आगामी निर्वाचन प्रक्रियाओं को लेकर भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार पाली जिले में मतदाता सूचियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत गुरुवार को पांचों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की प्रारूप मतदाता सूचियों का प्रकाशन किया गया। अर्हता दिनांक 1 जनवरी 2027 के संदर्भ में तैयार की गई इन सूचियों के प्रकाशन के साथ ही मतदाताओं को अपने नाम जुड़वाने, हटवाने और मतदाता सूची में दर्ज विवरणों में संशोधन करवाने का अवसर मिल गया है।
इस संबंध में उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. बजरंग सिंह ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि जिले के पांचों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की प्रारूप मतदाता सूचियां तैयार कर प्रकाशित कर दी गई हैं।
जिले के विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 117-सोजत, 118-पाली, 119-मारवाड़ जंक्शन, 120-बाली एवं 121-सुमेरपुर की प्रारूप मतदाता सूचियां प्रकाशित की गई हैं। बैठक के दौरान उपस्थित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को प्रारूप मतदाता सूची की एक-एक फोटो रहित प्रति उपलब्ध करवाई गई, ताकि वे सूचियों का अवलोकन कर सकें और आवश्यकतानुसार दावे एवं आपत्तियां प्रस्तुत कर सकें।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत 12 नवंबर से 12 दिसंबर 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इस दौरान पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने, किसी अपात्र या गलत प्रविष्टि को हटवाने तथा पहले से दर्ज विवरण में संशोधन करवाने के लिए आवेदन कर सकेंगे।
निर्वाचन विभाग की ओर से इसके लिए अलग-अलग निर्धारित प्रपत्र उपलब्ध करवाए गए हैं। आवेदन करने वाले नागरिकों को संबंधित प्रपत्र के साथ आवश्यक दस्तावेज भी प्रस्तुत करने होंगे।
मतदाता सूची में नाम शामिल करवाने से लेकर उसमें सुधार करवाने तक के लिए निर्वाचन आयोग ने अलग-अलग फार्म निर्धारित किए हैं।
फार्म संख्या 6: मतदाता सूची में नया नाम जुड़वाने के लिए।
फार्म संख्या 7: मतदाता सूची से नाम हटवाने अथवा प्रविष्टि पर आपत्ति दर्ज करवाने के लिए।
फार्म संख्या 8: मतदाता सूची में दर्ज विवरणों में संशोधन करवाने के लिए।
निर्वाचन विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे प्रारूप मतदाता सूची में अपने नाम और अन्य जानकारियों की जांच अवश्य कर लें। यदि किसी प्रकार की त्रुटि या कमी नजर आती है तो निर्धारित समयावधि में संबंधित फार्म भरकर आवेदन प्रस्तुत करें।
मतदाता सूची में नाम जुड़वाने या किसी प्रविष्टि में सुधार करवाने के लिए नागरिकों को कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं है। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध करवाई गई है। मतदाता वोटर हेल्पलाइन पोर्टल एवं भारत निर्वाचन आयोग के अधिकृत ऑनलाइन माध्यमों का उपयोग कर निर्धारित प्रपत्र भर सकते हैं।
इसके अलावा नागरिक अपने क्षेत्र के बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अथवा संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय में भी निर्धारित आवेदन प्रपत्र जमा करवा सकते हैं।
बैठक में उपस्थित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन, दावे एवं आपत्तियां प्रस्तुत करने की प्रक्रिया तथा आवेदन के साथ आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी विस्तार से दी गई। अधिकारियों ने बताया कि पुनरीक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित नहीं रहे।
इस दौरान मुख्य निर्वाचन अधिकारी, राजस्थान की आधिकारिक वेबसाइट https://election.rajasthan.gov.in पर उपलब्ध जानकारी का अवलोकन करने के लिए भी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को अवगत करवाया गया।
बैठक में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के प्रतिनिधि रफीक चौहान, भारतीय जनता पार्टी के प्रतिनिधि तिलोक चौधरी, प्रशिक्षु आईएएस बिरजु गोपाल चौधरी, संदीप दवे सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



