मधुर वाणी और मैत्री भाव से महान बनेगा जीवन, भगवान महावीर के संदेशों को आत्मसात करने का आह्वान

पाली : श्री वर्धमान स्थानकवासी जैन श्रावक संघ के तत्वावधान में आयोजित चातुर्मास कार्यक्रम के दौरान धर्मसभा में गुरुदेव सुकनमुनि महाराज ने श्रद्धालुओं को जीवन में मधुरता, मैत्री भाव और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि मनुष्य को अपना जीवन ऐसा बनाना चाहिए, जिससे वह स्वयं भी महान बने और दूसरों के जीवन में भी सकारात्मक बदलाव ला सके। भगवान महावीर ने संसार के सभी प्राणियों के प्रति मैत्री भाव रखने का संदेश दिया है। यदि मनुष्य अपने जीवन में भगवान की वाणी और धर्म के सिद्धांतों को उतार ले तो उसका जीवन सार्थक हो सकता है।
सुकनमुनि महाराज ने मित्रता का उदाहरण देते हुए कहा कि दो मित्रों में से एक धर्म और ज्ञान के मार्ग पर चलता है, जबकि दूसरा संसार के मोह-माया और भौतिक आकर्षणों में उलझा रहता है। धर्म मार्ग पर चलने वाला मित्र अपने दूसरे मित्र को भी सत्संग और प्रवचन में आने के लिए प्रेरित करता है, ताकि वह भी भगवान की वाणी सुनकर अपने जीवन में बदलाव ला सके। उन्होंने कहा कि मनुष्य जीवन बार-बार नहीं मिलता, इसलिए इस अनमोल अवसर का सदुपयोग करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि संसार की सुविधाएं और भौतिक सुख स्थायी नहीं हैं। मनुष्य जिस संसार के पीछे भाग रहा है, वह सब यहीं रह जाना है। इसके विपरीत धर्म, ज्ञान और सद्कर्म ही जीवन की वास्तविक पूंजी हैं। भगवान महावीर की वाणी को केवल सुनना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसे अपने आचरण में उतारना भी जरूरी है। उन्होंने लाभ पंचमी के अवसर पर गौशाला में दान-पुण्य करने और गौसेवा के कार्यों में सहयोग देने का भी आह्वान किया।

इस अवसर पर साध्वी प्रीतिसुधा ने अपने प्रवचन में कहा कि जीवन में सद्गुरु का सानिध्य और सत्संग मिलना सौभाग्य की बात है। मनुष्य संसार की मोह-माया, आकर्षण और दिखावे में इतना उलझ जाता है कि उसे अपने वास्तविक स्वरूप और जीवन के उद्देश्य का ध्यान ही नहीं रहता।
उन्होंने कहा कि बाहरी सौंदर्य और शरीर की सजावट के लिए मनुष्य बहुत प्रयास करता है, लेकिन मन की सुंदरता और आत्मा की पवित्रता पर उतना ध्यान नहीं देता। केवल बाहरी पूजा-पाठ से कुछ हासिल नहीं होगा, जब तक मन में सच्ची श्रद्धा और समर्पण का भाव न हो।
साध्वी ने कहा कि मनुष्य को तेरा-मेरा और मोह-माया का भाव छोड़कर आत्मकल्याण की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। यह शरीर एक दिन मिट्टी में मिल जाएगा, इसलिए धन और भौतिक सुख-सुविधाओं के पीछे जीवन व्यर्थ नहीं गंवाना चाहिए। जीवन और मृत्यु का कोई भरोसा नहीं है। चेतन तत्व अमर है, इसलिए मनुष्य को अपने जीवन का सदुपयोग करते हुए धर्म, साधना और सद्कर्मों को अपनाना चाहिए।
चातुर्मास कार्यक्रम में डॉ. वरुण मुनि ने कहा कि चातुर्मास अब अपने अंतिम चरण की ओर बढ़ रहा है। कार्तिक पूर्णिमा तक शेष बचे समय में प्रत्येक श्रावक-श्राविका को अधिक से अधिक ज्ञान, साधना और उपासना का लाभ लेना चाहिए। ज्ञान पंचमी के अवसर पर ज्ञानवर्धक गतिविधियों और धार्मिक साधना को विशेष महत्व देना चाहिए। प्रत्येक माह की पंचमी को भी ज्ञान और धर्म से जुड़े कार्यों का संकल्प लेना चाहिए।

उन्होंने मधुर वाणी के महत्व पर विशेष जोर देते हुए कहा कि मनुष्य के शब्दों में मिठास और व्यवहार में विनम्रता होनी चाहिए। हमारी वाणी ऐसी होनी चाहिए कि सुनने वाला व्यक्ति प्रभावित हुए बिना न रह सके। कठोर और कटु शब्दों से मन में द्वेष और विवाद पैदा होते हैं, जबकि मधुर वाणी से रिश्तों में प्रेम और अपनापन बढ़ता है।
डॉ. वरुण मुनि ने कहा कि भगवान महावीर ने भी मधुर और संयमित वाणी का संदेश दिया है। जब व्यक्ति कटु वचन बोलता है तो वातावरण में तनाव और वैमनस्य पैदा होता है, वहीं मीठे बोल बिगड़े हुए संबंधों को भी सुधार सकते हैं। उन्होंने कहा कि दूसरों के प्रति सम्मान और सहयोग का भाव रखने के साथ अपने परिवार के सदस्यों को भी पर्याप्त समय और स्नेह देना चाहिए। कई बार व्यक्ति बाहर के लोगों को जितना सम्मान और महत्व देता है, उसका थोड़ा सा हिस्सा भी अपने परिवार को दे तो घर का वातावरण खुशहाल बन सकता है।
उन्होंने श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि जीवन में ऐसी वाणी और व्यवहार अपनाएं, जिससे हर व्यक्ति आपके संपर्क में आकर अच्छा महसूस करे। धर्म का वास्तविक प्रभाव तभी दिखाई देता है, जब उसके संस्कार हमारे बोलचाल और व्यवहार में नजर आएं।
धर्मसभा में किशनलाल पालीवाल, जो प्रोफेसर होने के साथ धर्म-ध्यान में रुचि रखते हैं, सहित महावीर जी, सोजत, बेंगलुरु, मद्रास आदि स्थानों से गुरु भक्त पहुंचे। इस अवसर पर संघ के मंत्री प्रकाश कटारिया ने आए हुए अतिथियों का अध्यक्ष पदमचंद ललवानी के माध्यम से स्वागत एवं सम्मान करवाया।
कार्यक्रम में धर्म, ज्ञान, साधना, मैत्री भाव और गौसेवा के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। संघ की ओर से बताया गया कि अगले दिन लाभ पंचमी का पर्व धार्मिक उत्साह के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर श्रद्धालुओं को धर्म आराधना, दान-पुण्य और भगवान महावीर के सिद्धांतों को जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी जाएगी।



