फरार दुष्कर्म आरोपी से पुलिसकर्मियों की नजदीकी पड़ी भारी, कांस्टेबल और ASI निलंबित

पाली : दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे एक आरोपी के साथ पुलिसकर्मियों की नजदीकी सामने आने के बाद पाली पुलिस विभाग में कार्रवाई हुई है। पुलिस अधीक्षक ने शुक्रवार को मामले को गंभीरता से लेते हुए कांस्टेबल अशोक कुमार बंजारा और सहायक उप निरीक्षक (ASI) राधेश्याम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। साथ ही पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच पुलिस उप अधीक्षक (सिकाऊ) को सौंपी गई है। उन्हें सात दिन के भीतर जांच पूरी कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
यह कार्रवाई उस समय सामने आई जब फरार आरोपी कालूराम उर्फ राजू मेवाड़ा के साथ कांस्टेबल अशोक कुमार बंजारा के डांस करने और एएसआई राधेश्याम की आरोपी से थाने में मुलाकात के फोटो एवं वीडियो सामने आए। मामले को लेकर पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने के बाद पुलिस अधीक्षक ने दोनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार, दुष्कर्म के मामले में वांछित कालूराम उर्फ राजू मेवाड़ा पुलिस रिकॉर्ड में फरार चल रहा था। इसी दौरान कांस्टेबल अशोक कुमार बंजारा का आरोपी के साथ डांस करते हुए वीडियो सामने आया। वहीं, एएसआई राधेश्याम की भी आरोपी के साथ पुलिस थाने में मुलाकात की तस्वीरें और वीडियो सामने आए। इन घटनाओं ने पुलिसकर्मियों और फरार आरोपी के बीच संपर्क एवं मेलजोल को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए।
बताया जा रहा है कि इस मामले को लेकर पहले भी खबर सामने आई थी, जिसके बाद पुलिस अधिकारियों ने प्रकरण को गंभीरता से लिया और दोनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की।
कालूराम उर्फ राजू मेवाड़ा के खिलाफ करीब छह महीने पहले फालना थाने में दुष्कर्म और एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ था। इस प्रकरण में आरोपी पुलिस रिकॉर्ड में फरार बताया जा रहा था। इसके बावजूद उसके पुलिसकर्मियों के साथ मेलजोल के फोटो और वीडियो सामने आने से पुलिस की कार्रवाई और निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठने लगे।
कांस्टेबल अशोक कुमार बंजारा की भूमिका को लेकर जैतपुर थाने में 10 सितंबर को दर्ज एक अन्य एफआईआर के मामले में भी सवाल उठे हैं। एफआईआर के अनुसार, देवान गांव में एक परिवार के पुश्तैनी प्लॉट पर कथित अवैध कब्जे की नीयत से तोड़फोड़ करने और जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया था।
पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया था कि हमलावरों ने धमकी देते हुए कहा कि पाली एसपी कार्यालय में अशोक बंजारा नाम का उनका एक व्यक्ति पुलिस में तैनात है और वह उनके साथ है। आरोपियों ने कथित तौर पर यह भी कहा था कि अशोक बंजारा जैतपुर थाने आकर उन्हें झूठे मुकदमे में फंसाकर जेल भिजवा देगा।
इस शिकायत में कांस्टेबल का नाम सामने आने के बाद उसकी भूमिका को लेकर भी सवाल खड़े हुए हैं। हालांकि, इन आरोपों की सत्यता जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने कांस्टेबल अशोक कुमार बंजारा और एएसआई राधेश्याम को निलंबित कर दिया है। साथ ही पुलिस उप अधीक्षक (सिकाऊ) को प्रकरण से जुड़े सभी तथ्यों, फोटो-वीडियो और अन्य आरोपों की विस्तृत जांच करने के निर्देश दिए हैं। जांच अधिकारी को सात दिन के भीतर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी।
फिलहाल पुलिस के उच्चाधिकारी पूरे मामले की जांच में जुटे हैं। फरार आरोपी के साथ पुलिसकर्मियों की नजदीकी, थाने में मुलाकात और दूसरे मामले में कांस्टेबल पर लगे आरोपों को लेकर विभागीय स्तर पर जांच की जा रही है। अब सभी की नजरें सात दिन में आने वाली जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे पूरे प्रकरण के अन्य पहलुओं का खुलासा होने की उम्मीद है।



