google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

जिला कलेक्टर ने ली अधिकारियों की क्लास, पानी-बिजली से लेकर मौसमी बीमारियों तक की समीक्षा, लापरवाही नहीं बरतने के दिए निर्देश

पाली : जिले में आमजन से जुड़ी मूलभूत सुविधाओं, सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति को लेकर जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में सोमवार को जिला कलेक्टर कार्यालय सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में पेयजल, विद्युत आपूर्ति, चिकित्सा व्यवस्था, कृषि, बजट घोषणाओं, फ्लैगशिप योजनाओं सहित विभिन्न विभागों के कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। जिला कलेक्टर ने अधिकारियों को विभागीय योजनाओं और विकास कार्यों में गति लाने तथा आमजन की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला कलेक्टर ने एक-एक कर प्रमुख विभागों के कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने विशेष रूप से पेयजल व्यवस्था को लेकर शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में कंटीजेंसी प्लान तैयार रखने, जल परिवहन की व्यवस्था, पेयजल से जुड़े प्रगतिरत कार्यों, प्रस्तावित योजनाओं तथा हैंडपंप मरम्मत के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पेयजल आपूर्ति से संबंधित व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

जलदाय विभाग की समीक्षा के दौरान शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित पेयजल वितरण, जल परिवहन और जल स्रोतों की उपलब्धता को लेकर चर्चा की गई। नगर निगम को भी शहरी क्षेत्र में पेयजल वितरण, टैंकर व्यवस्था, चारा, जल स्रोतों, हैंडपंप और बोरिंग से संबंधित व्यवस्थाओं को सुचारू रखने के निर्देश दिए गए।

विद्युत विभाग की समीक्षा करते हुए जिला कलेक्टर ने बिजली आपूर्ति की स्थिति, विद्युत लाइनों और ट्रांसफार्मरों से जुड़े कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने और संबंधित समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए।

कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान फसल बीमा, क्रॉप कटिंग, फसल खराबे और सर्वे कार्यों की जानकारी ली गई। जिला कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सर्वे कार्य समय पर पूरा करने तथा किसानों से जुड़े मामलों में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

सार्वजनिक निर्माण विभाग को सड़क कटिंग और सड़कों के किनारे झाड़ियों की कटाई के कार्यों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। वहीं आरएसआरडीसी को भी झाड़ियों की कटिंग सहित संबंधित कार्यों में प्रगति लाने के लिए कहा गया।

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान मौसमी बीमारियों की स्थिति, आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। जिला कलेक्टर ने अधिकारियों को अस्पतालों में आवश्यक दवाइयों और चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही बांगड़ चिकित्सालय में मरीजों की सुविधाओं और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए भी निर्देशित किया।

बैठक में विभिन्न विभागों की बजट घोषणाओं और राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। जल संसाधन विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग की प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना तथा समसा योजना के अंतर्गत मरम्मत कार्यों की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

उद्योग विभाग की विश्वकर्मा योजना एवं मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, प्रदूषण नियंत्रण मंडल और रीको विभाग की भूखंड योजनाओं की भी समीक्षा की गई। इसके अलावा बागवानी विभाग, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की पालनहार एवं पेंशन योजनाओं तथा महिला अधिकारिता विभाग के कार्यों की प्रगति पर चर्चा हुई।

पशुपालन विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए जिला कलेक्टर ने विभिन्न गौशालाओं में चारा व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं को लेकर निर्देश दिए। रसद विभाग सहित अन्य विभागों के कार्यों की भी समीक्षा की गई। इसके साथ ही खनन विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिला कलेक्टर ने संपर्क पोर्टल पर दर्ज आमजन की शिकायतों एवं प्रकरणों के निस्तारण की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को लंबित मामलों का समयबद्ध समाधान करने और शिकायतों के निस्तारण में गंभीरता बरतने के निर्देश दिए।

बैठक में आईएएस बिरजू गोपाल, अतिरिक्त जिला कलेक्टर नरेश बुनकर, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मुकेश चौधरी, नगर निगम आयुक्त सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button